Site icon News Hub Hindi

फर्जी बैनामे के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार:मालिक की जगह दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर कराया था बैनामा, शिकायतकर्ता को धमकी देने का आरोप

रामपुर में जमीन के फर्जी बैनामे के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर असली जमीन मालिक की जगह दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए बैनामा कराने में शामिल होने का आरोप है। शिकायतकर्ता को बैनामा निरस्त कराने की बात कहने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। असली मालिक की जगह खड़ा किया दूसरा व्यक्ति पुलिस के अनुसार, 21 जून को महबूब ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि मो. आरिफ, जैनुल आबेदीन, लीशानुल हक, रहमान शाह और उनके साथियों ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद तहसील सदर स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में जमीन के वास्तविक मालिक की जगह किसी दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर बैनामा करा लिया गया। जब शिकायतकर्ता को कथित फर्जीवाड़े की जानकारी हुई और उसने बैनामा निरस्त कराने की बात कही तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। जांच में सामने आई संदिग्ध की भूमिका शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध मिली। रविवार को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने सखावत पुत्र मुंशी निवासी कमोरा, थाना शहजादनगर को खेमपुर गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। यह स्थान केमरी थाना क्षेत्र में बताया गया है। नेटवर्क की कड़ियां तलाश रही पुलिस पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि असली जमीन मालिक की जगह दूसरे व्यक्ति को खड़ा करने, कूटरचित दस्तावेज तैयार कराने और फर्जी बैनामा पंजीकृत कराने में कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस इस गिरफ्तारी को पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की दिशा में महत्वपूर्ण मान रही है। गिरफ्तार आरोपी को रविवार दोपहर करीब दो बजे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version