Site icon News Hub Hindi

फिरोजाबाद में युवक ने यमुना में लगाई छलांग:घर से बाजार जाने का कहकर निकला था, तेज बहाव में तलाश जारी

फिरोजाबाद के वाजिदपुर पुल से आगरा के एक युवक ने रविवार को यमुना नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही नगला सिंघी और थाना डौकी आगरा की पुलिस युवक की तलाश में जुट गई। हालांकि, नदी का बहाव तेज होने के कारण युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। युवक की पहचान गयाप्रसाद (30) के रूप में हुई है। वह रविवार सुबह घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था। दोपहर करीब डेढ़ बजे परिजनों को सूचना मिली कि गयाप्रसाद ने वाजिदपुर यमुना पुल से छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही थाना डौकी आगरा और नगला सिंघी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। युवक की मां रामबती भी घटनास्थल पर पहुंचीं। परिजनों ने बताया कि गयाप्रसाद तीन बहनों और दो भाइयों में दूसरे नंबर का है। उसकी शादी लगभग आठ वर्ष पहले हुई थी। यमुना में कूदने और बहते हुए युवक का एक वीडियो वहां से गुजर रहे किसी कांवड़िया ने बना लिया। यह वीडियो बाद में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि जिस स्थान पर युवक कूदा है, वह नगला सिंघी और थाना डौकी आगरा का सीमावर्ती क्षेत्र है। दोनों थानों की पुलिस संयुक्त रूप से युवक की तलाश कर रही है, लेकिन अभी शाम 6 बजे तक उसका कहीं पता नहीं चल सका है।

Exit mobile version