Site icon News Hub Hindi

बसपा विधायक उमाशंकर सिंह को अनोखी श्रद्धांजलि:IRTS अधिकारी ने 125 जगहों पर सोलर लाइट लगाने का किया शुभारंभ

बलिया में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह को विभिन्न तरीकों से श्रद्धांजलि दी जा रही है। इसी क्रम में रविवार को आईआरटीएस अधिकारी निर्भय नारायण सिंह ने विधायक को अनोखी श्रद्धांजलि अर्पित करने की पहल की। इस पहल के तहत बैरिया विधानसभा क्षेत्र के 125 सार्वजनिक स्थानों, मंदिरों और ग्रामीण बाजारों में सोलर लाइटें लगाने का कार्य शुरू किया गया है। श्रीनगर मार्ग पर पगला बाबा स्थल पर सोलर लाइट देने के साथ ही इस अभियान का शुभारंभ किया गया। आईआरटीएस अधिकारी निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि रसड़ा से विधायक रहे उमाशंकर सिंह का निधन हो गया था। वे पूरे जिले में ‘विकास पुरुष’ के नाम से जाने जाते थे। उनकी स्मृति में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सिंह ने कहा कि बैरिया क्षेत्र के कई बाजार, मंदिर और सार्वजनिक चौराहे रात में अंधेरे में डूबे रहते हैं, जिससे सर्पदंश और अन्य परेशानियां होती हैं। इन समस्याओं से निजात दिलाने के लिए पूरे क्षेत्र में सोलर लाइटें लगाने का संकल्प लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि हाईवे पर स्थित बाजारों में पहले ही सोलर लाइटें लगवाई जा चुकी हैं। अब सैकड़ों अन्य स्थानों पर भी सोलर लाइटें लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विधायक की छवि ‘विकास पुरुष’ की थी, इसलिए विकास कार्यों के माध्यम से ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।

Exit mobile version