Site icon News Hub Hindi

भाकियू ने किसानों की समस्याओं पर शुरू किया अभियान:गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रहा संगठन

संभल में भारतीय किसान यूनियन (बीआरएसएस) भारत राष्ट्रीय सेवक संघ ने रविवार को ग्राम महोरा लखूपुरा में जनजागरण अभियान के तहत एक बैठक आयोजित की। यह बैठक जिला प्रभारी सुभाष चाहल के नेतृत्व में हुई, जिसकी अध्यक्षता युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने की। युवा जिला मीडिया प्रभारी निर्देश कुमार ने इसका संचालन किया। बैठक में जिला अध्यक्ष सम्भल कामेन्द्र चौधरी ने किसानों की खेती और प्रशासनिक समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाकर उनका समाधान कराना संगठन की प्राथमिकता है। कामेन्द्र चौधरी ने जोर दिया कि गांव-गांव संगठन मजबूत होने से किसानों की सामूहिक आवाज को बल मिलेगा और प्रशासन के समक्ष समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने बताया कि संगठन गांवों में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर किसानों को उनके अधिकारों और समस्याओं के प्रति जागरूक करेगा। बैठक में गन्ना भुगतान, बिजली व्यवस्था, स्मार्ट मीटर, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, खाद-बीज की उपलब्धता, आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र तथा वारिसान दर्ज कराने सहित कई महत्वपूर्ण समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त, गांव में रहस्यमयी बुखार की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव कराने, गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर गांवों के नाम के बोर्ड लगवाने और सम्भल रेल विस्तार कार्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग भी उठाई गई। संगठन पदाधिकारियों ने इन जनहित के मुद्दों को संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान संगठन का विस्तार भी किया गया। गौरव यादव को तहसील महासचिव सम्भल, संतोष यादव को ग्राम महासचिव, हिरदेश यादव को ग्राम प्रभारी और चंद्रकेश यादव को ग्राम सचिव नियुक्त किया गया। इस अवसर पर जिला सलाहकार सरदार गुरुवचन सिंह, जिला संगठन मंत्री चौ. ऋषिपाल सिंह, तहसील संरक्षक सेवक सैनी, तहसील संगठन मंत्री श्रीपाल यादव, ब्लॉक महामंत्री मनीराम गुर्जर, युवा ब्लॉक उपाध्यक्ष मो. हसन, नरेन्द्र चौधरी, सतवीर सिंह, बिजेन्द्र सिंह, मो. दाऊद, कमल यादव, श्रीराम शर्मा, बिजेन्द्र यादव, दिवाकर सिंह समेत कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version