Site icon News Hub Hindi

सहारनपुर में 4.10 करोड़ की स्मैक बरामद:दो तस्कर गिरफ्तार; बोलेरो, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मोबाइल भी मिले

सहारनपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बेहट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 804 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 10 लाख रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो कार, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ बेहट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मुखबिर की सूचना पर चेकिंग शुरू की पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 16 अगस्त को थाना बेहट पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से नशा तस्करों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने गंदेवड़ अड्डे से चिलकाना की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू कर दी। तलाशी में 804 ग्राम स्मैक बरामद चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 804 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो कार (UP17H2298), एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और दो मोबाइल फोन भी मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तालिब पुत्र सलीम उर्फ सालिम निवासी ग्राम असगरपुर, थाना मिर्जापुर और अमित उर्फ अनित पुत्र कटार सिंह निवासी ग्राम बुठेडा, थाना सरसावा के रूप में हुई है। तालिब पर पहले से NDPS के 3 मुकदमे पुलिस के मुताबिक, तालिब का पहले से आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ थाना मिर्जापुर में एनडीपीएस एक्ट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दो मुकदमे वर्ष 2021 और एक मुकदमा वर्ष 2025 का है। वहीं, अमित उर्फ अनित के खिलाफ थाना सरसावा में एनडीपीएस एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2019 में उसके खिलाफ मारपीट, घर में घुसने, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज हुआ था। नशे के नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बेहट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर स्मैक की सप्लाई के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। साथ ही नशे के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Exit mobile version