Site icon News Hub Hindi

आजमगढ़ में बोले सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर:सपा की गुंडई को खत्म करने के लिए लगातार क्षेत्र का कर रहा हूं दौरा, संगठन की मजबूती पर जोर

आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के भेदौरा गांव स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से सामाजिक समरसता परिक्षेत्र, एरिया मदियापार के जोनल प्रभारी, सेक्टर प्रभारी और बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर तथा विशिष्ट अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर रहे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सुभासपा में सभी जाति और वर्ग के लोगों को सम्मान दिया जाता है। सम्मेलन में 84 बूथ, 50 गांव, चार जोन और 12 सेक्टर के कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी गांव, गरीब और किसान की बात करती है। गरीबों के स्वास्थ्य, जीवन स्तर में सुधार और शिक्षा से जोड़ने के लिए पार्टी लगातार प्रयासरत है। स्थानीय विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी की प्राथमिकता गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने दावा किया कि गरीबों के इलाज के लिए उनकी सरकार ने बड़ी धनराशि उपलब्ध कराई है। साथ ही सिकंदरपुर-नदियांव और कप्तानगंज-गोपालपुर मार्ग के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से गांवों की छोटी गलियों को नाली, सीसी और सड़क से जोड़ने का कार्य कराया जा रहा है। मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। समाजवादी पार्टी पर बोला जमकर हमला
प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा शासनकाल पर भी हमला बोला और कहा कि आजमगढ़ में सपा की कथित गुंडई को खत्म करने के लिए वह लगातार क्षेत्र में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब गरीबों के काम हो रहे हैं और प्रदेश में बुलडोजर बाबा की चर्चा है। राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कहा कि सुभासपा महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों के लिए लगातार काम कर रही है। अतरौलिया के विकास को लेकर पार्टी की लड़ाई जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में जाति और धर्म देखकर विकास कराया जाता है। आने वाले समय में अतरौलिया में परिवर्तन होगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने जनता को धोखा दिया है। उनकी विदाई तय है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version