Site icon News Hub Hindi

गोरखपुर में युवक की मौत के बाद बड़ा बवाल:परिजनों ने पुलिस चौकी पर किया हंगामा, कार्रवाई में लापरवाही का लगाए आरोप

22A41A71 4548 4660 86E2 87A1C314D637 1786878824213 RbJBOG

गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मेडिकल कॉलेज स्थित पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा किया। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति बिगड़ती देख गुलरिहा, पिपराइच और चिलुआताल थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले इस हंगामे के दौरान पुलिस को लोगों को समझाने-बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के इतने दिन बाद भी मुख्य आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि पुलिस ने निष्पक्ष जांच करने के बजाय मामले में क्रॉस FIR दर्ज कर दी, जिससे दबंग पक्ष को फायदा मिल रहा है। परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। अब पूरा मामला जानिए…
यह पूरा मामला गुलरिहा थाना क्षेत्र के खुटहन खास गांव का है, जहां 7 अगस्त को जमीन की पैमाइश को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद अचानक हिंसक हो गया। विवाद सुलझाने के लिए राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची थी, लेकिन मौके पर ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल गरमा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में ही विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से लैस होकर सुधाकर गौड़ पर हमला कर दिया। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गया और अधमरी हालत में जमीन पर गिर पड़ा। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रॉमा सेंटर के ICU में चला इलाज
गंभीर रूप से घायल सुधाकर को परिजन तुरंत बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए ICU में भर्ती किया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही थी और उसे बचाने की कोशिश में जुटी थी।
करीब एक हफ्ते तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद सुधाकर गौड़ ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक के साथ आक्रोश का माहौल बन गया।

पुलिस ने बताया दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से FIR दर्ज की गई है। मारपीट के आरोप में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। घटना के बाद खुटहन खास गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।

Exit mobile version