नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में सुरक्षा गार्ड का सिरिंज में दवा भरते वीडियो सामने आया। जिला अस्पताल प्रबंधन ने वीडियो को संज्ञान में लेकर गार्ड और उसके साथ में खड़ी नर्स को नौकरी से निकाल दिया। दोनों एजेंसी के माध्यम से जिला अस्पताल में काम कर रहे थे। जिला अस्पताल का वायरल वीडियो 14 अगस्त की रात का है, जिसमें एक गार्ड सिरिंज में दवा भरते दिख रहा है। बगल में ही एक नर्स भी है। पांचवें तल पर तैनात सुरक्षा गार्ड स्टाफ नर्स के सामने दवा भर रहा है, लेकिन नर्स सिरिंज में दवा भरने से उसे मना नहीं कर रही। इस दिन मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीजों की देखभाल के लिए स्टाफ नर्स रिचा कुमारी और सुरक्षा व्यवस्था के लिए गार्ड सुनील की ड्यूटी लगी थी। स्टॉफ नर्स ने खुद दी सीरिंग आरोप है कि स्टाफ नर्स ने गार्ड सुनील को मरीजों को इंजेक्शन लगाने के लिए कई खाली सिरिंज देकर भरने के लिए कहा। गार्ड पांचवें तल के नर्सिंग स्टेशन पर ही बैठ कर दवा भरने लगा। वीडियो में साफ है कि सिरिंज में दवा भरते और दवा भरी हुई कई सिरिंज दिख रही है। सीएम तक किया टैग
इस वीडियो को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री कार्यालय और महानिदेशक स्वास्थ्य विभाग को टैग किया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार झा ने वीडियो का संज्ञान लेकर दोनों को नौकरी से निकाल दिया। इस बारे में पत्र भी जारी किया है। दोनों निजी एजेंसी के माध्यम से जिला अस्पताल में काम कर रहे थे। शासन को दी जानकारी
जिला अस्पताल प्रबंधन ने एजेंसी को भी नोटिस जारी किया है। डॉ. अशोक कुमार झा ने कहा कि वीडियो को संज्ञान में लेकर संबंधित कर्मियों से पूछताछ के बाद नौकरी से हटा दिया गया है। इसकी जानकारी शासन को भी दे दी गई है।
जिला अस्पताल में गार्ड भर रहा था सिरिंज में दवा:नोएडा में गार्ड और नर्स की गई नौकरी, निजी एजेंसी को नोटिस मिला

