झांसी में अपना दल (एस) ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। रविवार को जानकीपुरम कॉलोनी के जिला महानगर कार्यालय में महानगर की समीक्षा बैठक हुई। इसमें संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष विजय बरार कछवारे ने की, जबकि राष्ट्रीय सचिव एवं बुंदेलखंड प्रभारी केके पटेल ने समीक्षा की। राष्ट्रीय सचिव कालका पटेल और क्षेत्रीय अध्यक्ष आनंद पटेल भी मौजूद रहे। प्रभारी ने महानगर के पदाधिकारियों से अलग-अलग परिचय लेते हुए उनके क्षेत्र में किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी होगी। पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के साथ ही कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष झांसी मनोज गोतिया और बबीना संजीव झासया समेत विभिन्न मंचों के पदाधिकारी मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत बनाने और पूरी सक्रियता के साथ काम करने का संकल्प लिया। महानगर अध्यक्ष विजय बरार कछवारे ने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण से काम करेंगे। कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। ये भी रहे मौजूद बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला मंच दीपमाला कुशवाहा, प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मंच अहमद खान मंसूरी, प्रदेश अध्यक्ष शिक्षक मंच प्रो. रामचंद्र पटेल, राष्ट्रीय सचिव व्यापार मंच धर्मपाल पटेल, युवा मंच महानगर अध्यक्ष आजहर कुरैशी, व्यापार मंच महानगर अध्यक्ष ज्ञानमनी सिरोठिया, जिला अध्यक्ष महिला मंच शोभा कुशवाहा, जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक मंच मोहम्मद मसूद, महानगर उपाध्यक्ष दानेश कुरेशी और महानगर महासचिव सोनू वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
