सुलतानपुर में धनपतगंज थाना क्षेत्र के मुड़ुवा गांव में 15 अगस्त को बाइक, नकदी और सोने की अंगूठी छीनने की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का मामला सामने आया है। रविवार शाम 4 बजे पुलिस ने जांच के बाद शिकायत को फर्जी पाए जाने पर रोहित कुमार यादव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, बकाया रकम मांगने पर विवाद के बाद रोहित ने दूसरे पक्ष को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी। डायल-112 पर दी बाइक और नकदी छिनने की सूचना 15 अगस्त को दोपहर करीब 1:30 बजे रोहित यादव ने डायल-112 पर सूचना दी कि मुड़ुवा गांव में तीन अज्ञात लोगों ने उसकी पल्सर-125 बाइक, 10,500 रुपए नकद और सोने की अंगूठी छीन ली है। सूचना मिलते ही पीआरवी, सीओ बल्दीराय और धनपतगंज थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया पूरा मामला पुलिस के मुताबिक, रोहित कैटरिंग का काम करता है और गांव के कई लोगों का उस पर पैसा बकाया है। शुभम और गुलशन ने जब उससे बकाया रकम मांगी तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि रोहित ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी और झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कही। छिनैती की सूचना निकली झूठी पुलिस जांच में डायल-112 पर दी गई छिनैती की सूचना असत्य पाई गई। इसके बाद शुभम की मां बिट्टन के लिखित प्रार्थना पत्र के आधार पर धनपतगंज थाने में रोहित कुमार यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने की चालान की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देश पर मामले में कार्रवाई की गई। पुलिस ने 16 अगस्त को आरोपी रोहित कुमार यादव के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि फर्जी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
झूठी छिनैती की सूचना देकर पुलिस को किया गुमराह:बकाया पैसे मांगने पर दी धमकी, डायल-112 पर दर्ज कराई फर्जी शिकायत

