बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा के लिए बदायूं रोड स्थित अपने प्रवेश द्वार पर मेगा शिविर लगाया है। रविवार को तीसरे सोमवार से पहले यहां पहुंच रहे कांवड़ियों का पुष्प वर्षा और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। शिविर में भोजन, विश्राम, चिकित्सा और स्वच्छता की व्यवस्थाएं की गई हैं। बीडीए के प्रवेश द्वार को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। शिविर के भीतर बद्रीनाथ, केदारनाथ और रामेश्वरम मंदिरों के म्यूरल बनाए गए हैं। ये श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बने हुए हैं। मेडिकल कैंप में BP-शुगर की जांच कांवड़ियों के लिए शिविर में मेडिकल कैंप भी लगाया गया है। यहां श्रद्धालुओं के बीपी और शुगर की जांच की जा रही है। इसके साथ ही लगातार भंडारा चलाया जा रहा है। पीने के पानी के लिए टैंकर और स्वच्छता के लिए मोबाइल टॉयलेट लगाए गए हैं। जर्मन हैंगर से विश्राम शिविर तैयार किया गया है। यहां कांवड़ियों के बैठने और आराम करने के लिए तख्त व गद्दों की व्यवस्था है। रोजाना करीब 1000 से 1200 लोगों के भोजन का इंतजाम किया जा रहा है। नाथ नगरी के रूप में विकसित हो रहा बरेली BDA VC सौम्या पांडे ने बताया कि बरेली को ‘नाथ नगरी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम जारी है। नाथ कॉरिडोर के तहत सात नाथ मंदिरों के सौंदर्यीकरण के साथ प्रमुख मार्गों, फ्लाईओवर और चौराहों को आकर्षक बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य कछला घाट से गंगाजल लेकर नाथ मंदिरों की ओर आने वाले कांवड़ियों को पूरे रास्ते शिवमय वातावरण का अनुभव कराना है। तीसरे और चौथे सोमवार को कांवड़ियों की संख्या अधिक रहती है। इसे देखते हुए बदायूं रोड के मेगा शिविर में सुविधाएं लगातार जारी रहेंगी। कांवड़िये यहां रुककर भोजन और विश्राम करने के बाद अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकेंगे।
बरेली में कांवड़ियों के लिए BDA का मेगा शिविर:पुष्प वर्षा से स्वागत, भोजन-विश्राम के साथ मेडिकल कैंप की सुविधा

