Site icon News Hub Hindi

बांदा में ट्रेलर ने साइकिल सवार को रौंदा, मौत:सिर के ऊपर से गुजरा ट्रक का पहिया, अतिक्रमण को लेकर लोगों में आक्रोश; ड्राइवर फरार

df45aee8 9fb7 45f1 a6b3 9468ede32415 1786891580186 SXlFtL

बांदा के तिंदवारी कस्बे में बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पपरेंदा तिराहे पर रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गिट्टी से भरे ट्रक-ट्रेलर की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शाम करीब 5:30 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पहचान बबेरू थाना क्षेत्र के रगौली गांव निवासी संतोष वर्मा (32) के रूप में हुई है। बताया गया कि संतोष साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान बांदा की ओर से आ रहे ट्रक-ट्रेलर (यूपी 71 बीटी 8001) ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का पहिया संतोष के सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार में पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गए संतोष मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी माया देवी और चार बच्चे हैं। इनमें बेटे उमेश (12), कारण (10), विकास (4) और बेटी सुमद कुमारी (13) हैं। पत्नी माया देवी के मुताबिक, संतोष अपने साले राहुल के साथ तेरही माफी स्थित मायके में आयोजित छठी कार्यक्रम के लिए डीजे लेने तिंदवारी आए थे। इसी दौरान पपरेंदा तिराहे पर हादसा हो गया। ट्रक छोड़कर चालक फरार प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को थाना प्रभारी के आवास के सामने खड़ा कर सोनार गली की ओर से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। अतिक्रमण को लेकर लोगों में आक्रोश हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि पपरेंदा तिराहे पर सड़क किनारे ठेलियां, रिक्शे और ऑटो अव्यवस्थित तरीके से खड़े रहते हैं। इससे अक्सर जाम और यातायात अव्यवस्था बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के कारण हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। लोगों ने प्रशासन और पुलिस से पपरेंदा तिराहे से अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में भी ऐसे हादसे हो सकते हैं।

Exit mobile version