सावन शुक्ल तृतीया के मौके पर रविवार को मणि पर्वत पर आयोजित पारंपरिक मेले में मणि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या सजी। भजन, राष्ट्रगीत और कजरी की प्रस्तुतियों ने देर शाम तक श्रद्धालुओं को बांधे रखा। कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। देशभक्ति गीत से हुई शुरुआत सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत शास्त्रीय गायक पंडित सत्यप्रकाश मिश्र ने राष्ट्रगीत की प्रस्तुति से की। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक भजन सुनाकर श्रोताओं को भक्तिरस में डुबो दिया। गायक दीपक शुक्ल ने शिव भजन की प्रस्तुति देकर माहौल को भोलेनाथ की भक्ति से भर दिया। वहीं बृजमोहन तिवारी ने कजरी सुनाकर सावन की रंगत बिखेरी। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। राम भजनों ने भी बांधा समां चंद्रशेखर तिवारी ने राम भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी गायकी ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मणि पर्वत परिसर में भक्ति और लोक संगीत का संगम देखने को मिला। समारोह में पार्षद विनय जायसवाल, चंदन सिंह, अनिकेत यादव, हरिश्चंद्र अग्रहरि, कार्यक्रम संयोजक भवानी प्रसाद त्रिपाठी, श्रीनिवास शास्त्री, मिथिला बिहारी दास, कथावाचक आचार्य ज्ञानचंद द्विवेदी, आदित्य दुबे, समर बहादुर सिंह, विजय सिंह, अवनीश दुबे और ओम प्रकाश दुबे समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
