प्रयागराज के जॉर्जटाउन में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक करीब 30 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक का आरोप था कि खीरी थाना क्षेत्र में जमीन की चकबंदी के दौरान उसके साथ अन्याय किया जा रहा है। वह अपनी शिकायत के समाधान की मांग को लेकर करीब छह घंटे तक पानी की टंकी पर बैठा रहा। दोपहर 12:30 बजे की घटना
खास बात यह रही कि युवक खीरी थाना क्षेत्र से जॉर्ज टाउन आया था। उसका गांव यहां से करीब 50 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। युवक के टंकी पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उसे नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। मौके पर जुटी सैकड़ों लोगों की भीड़
इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। तेज बारिश के बीच भी युवक पानी की टंकी से नीचे नहीं उतरा और काफी देर तक टंकी पर इधर-उधर घूमता रहा। इससे उसके नीचे गिरने का खतरा बना रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रहे। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम भी आ गई। चकबंदी विभाग के अफसरों को बुलाया गया
मामले को गंभीरता से लेते हुए चकबंदी और राजस्व विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने युवक की शिकायत सुनी और उसे आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब छह घंटे बाद युवक पानी की टंकी से नीचे उतर आया। शाम 6:30 बजे उसे सकुशल नीचे उतारने के बाद अफसरों ने राहत की सांस ली। इस दौरान मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। जार्जटाउन थाना प्रभारी रुकुमपाल सिंह ने बताया कि युवक को समझाया गया जिसके बाद वह नीचे उतर आया। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं बता दें कि पानी की टंकी पर चढ़ने की कई घटनाएं प्रयागराज में हो चुकी हैं। लगातार इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। एक दिन पहले नवाबगंज में एक व्यक्ति और उसके दो बेटे जमीन के विवाद को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। कड़ी मशक्कत के बाद 3.30 घंटे बाद उन्हें उतारा जा सका था। इससे पहले नवाबगंज में ही एक युवती प्रेमी से शादी की जिद पर हाईटेंशन लाइन टॉवर पर चढ़ गई थी। इसी तरह एक जेई भी निलंबन के आदेश से नाराज होकर टॉवर पर चढ़ गया था। उधर फाफामऊ में पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर युवती 30 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई थी।
