मध्य प्रदेश में हुए भीषण सड़क हादसे में यूपी के 8 लोगों की मौत हो गई। भिंड में हाईवे पर सोमवार रात एक बजे तेज रफ्तार पिकअप गाय को बचाने में बेकाबू होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में पिकअप सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 23 घायल हैं। ये सभी ग्वालियर में धान रोपाई का काम पूरा करके लखीमपुर खीरी अपने घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर शव बिखर गए। घायल दर्द से कराहने लगे। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को जानकारी दी। स्थानीय लोग घायलों को उठाकर सड़क किनारे ले गए। मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हुई है। हादसा गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास हुआ। सीएम योगी ने मृतकों के परिवार को ₹2-2 लाख की आर्थिक मदद का ऐलान किया। पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपने और घायलों के इलाज का इंतजाम करने के निर्देश भी परिजनों को दिए। हादसे की तस्वीरें… 80 से 90 की स्पीड में था पिकअप गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया- अब तक की जांच में पता चला है कि पिकअप की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी। छीमका गांव के पास हाईवे पर कुछ गायें बैठी थीं। अचानक सामने आए मवेशियों को बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने पिकअप मोड़ी। तभी सामने ट्रक आ गया। पिकअप में 31 लोग सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि 20 फीट तक शव बिखर गए। पिकअप का इंजन, टायर भी टूट गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
