Site icon News Hub Hindi

यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:शिवसेना नेता की पिस्टल से एयरपोर्ट पर गोली चली; 150 थप्पड़ मारकर जान बचाई, चाइनीज मांझे से गर्दन कटकर लटकी

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर वाराणसी एयरपोर्ट पर हथियार की जांच के दौरान एक यात्री के हथियार से गोली चलने की है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर अवंतीबाई लोधी की जयंती पर एक ही प्रतिमा पर सीएम योगी और अखिलेश यादव के माल्यार्पण से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- वाराणसी एयरपोर्ट पर पूर्व पार्षद से चली गोली, पिस्टल चेकिंग के दौरान दबा ट्रिगर वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान एक यात्री के पिस्टल से गोली चल गई। इससे महिला समेत दो कर्मचारी घायल हो गए। आजमगढ़ के रहने वाले शिवसेना नेता कमलेश राय पत्नी के साथ फ्लाइट से मुंबई जा रहे थे। वह मुंबई के पूर्व पार्षद हैं। हिरासत में लेकर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही। उनकी एकनाथ शिंदे सहित कई बड़े नेताओं के साथ फोटो है। पूरी खबर पढ़ें 2- योगी बोले- बेटियों के लिए हमारी सरकार; अखिलेश ने कहा- गोरखपुर में गोरखधंधा सीएम योगी और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने रविवार को अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सुबह 10 बजे योगी पहुंचे। माल्यार्पण कर कहा कि बेटियों के लिए हमारी सरकार काम कर रही है। अवंतीबाई के नाम पर पीएसी की बटालियन का नाम रखा गया है। अखिलेश 10:48 बजे पहुंचे। कहा- गोरखपुर में गोरखधंधा चल रहा, स्कूल बंद हो रहे। पूरी खबर पढ़ें 3- मेरठ में क्लिनिक के अंदर महिला डॉक्टर की लाश मिली, हाथ बंधे थे मेरठ में 26 साल की महिला डॉक्टर का शव रविवार सुबह क्लिनिक में फंदे पर लटका मिला। भाई ने बताया कि बहन की हत्या की गई है। उसके दोनों हाथ बंधे थे। करीब 10 महीने से वह अपना क्लिनिक चला रही थीं। इससे पहले वह BSF में कॉन्स्टेबल थीं। दो साल पहले नौकरी छोड़ दी थी। 7 महीने पहले शादी हुई थी। 19 दिन पहले पति का घर छोड़कर मायके आ गई थीं। पूरी खबर पढ़ें 4- यूपी में फिर एक्टिव हुआ मानसून, लखनऊ में सड़कें बनीं तालाब यूपी में मानसून ने फिर जोर पकड़ लिया है। रविवार सुबह से लखनऊ, कानपुर समेत 25 शहरों में रुक-रुककर बारिश हुई। लखनऊ में तड़के झमाझम बारिश शुरू हुई, जो करीब 5 घंटे तक जारी रही। शहर के कई इलाकों में 3-4 फीट तक पानी भर गया। जलभराव के कारण कई बाइकें बंद हो गईं। गलियां तालाब बन गईं। पानी घरों-दुकानों में घुस गया। कारें आधी डूब गईं। पूरी खबर पढ़ें 5- गाजियाबाद में चाइनीज मांझे से युवक की मौत, गर्दन पर गंभीर कट लगा गाजियाबाद में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मांझे से उसकी गर्दन पर इतना गहरा कट लगा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क पर खून फैल गया। पुलिस के मुताबिक, युवक अपने दोस्त के साथ बाइक से नोएडा से निकला था। दोनों गाजीपुर जा रहे थे। नेशनल हाईवे-9 पर कौशांबी थाना क्षेत्र के पास अचानक उसके गले में मांझा फंस गया। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- सांप से जीभ पर डसवाने का नशा? दैनिक भास्कर का इन्वेस्टिगेशन फेमस यूट्यूबर एल्विश यादव पर नोएडा की पार्टियों में नशे के लिए सांप के जहर के इस्तेमाल का आरोप लगा था। सवाल उठा कि क्या यूपी में स्नेक वेनम यानी सांप के जहर का नशा किया जा रहा है? अगर हां, तो लोग इस जानलेवा नशे की तरफ क्यों जा रहे हैं और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है? दैनिक भास्कर ने इस काले कारोबार को एक्सपोज करने के लिए इन्वेस्टिगेशन किया। पूरी खबर पढ़ें 7- गोरखपुर में हनीमून पर पीरियड्स आने से पति ने पत्नी को पीटा, गला दबाने का भी आरोप हनीमून पर पीरियड्स आने से नाराज पति ने पत्नी को थप्पड़ मारे और लात-घूंसों से पीटा। युवती ने आरोप लगाया कि पति ने उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर होटल कर्मचारियों ने जान बचाई। शनिवार को गोरखपुर में पति और अन्य ससुरालियों पर FIR दर्ज की गई। गोरखपुर की युवती की 3 साल पहले दिल्ली में शादी हुई थी। पूरी खबर पढ़ें 8- कानपुर में 16 मिनट में 16 रुपए के कपड़े, भीड़ उमड़ी तो दुकान बंद कर भागे कानपुर में बर्थडे पर व्यापारी के अजब-गजब ऑफर के बाद दुकान पर भारी भीड़ जुट गई। 16 मिनट में 16 रुपए के कपड़ों के ऑफर की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। भीड़ बढ़ने पर दुकानदार अपनी दुकान बंद करके भाग गए। इसके बाद लोगों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ा, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। पूरी खबर पढ़ें 9- हाथरस में सड़क हादसे में भांजे और 2 मामाओं की मौत, 4 घायल हाथरस में भीषण सड़क हादसे में भांजे और उसके दो सगे मामाओं की मौत हो गई। ढाई साल के बच्चे समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शनिवार देर रात एक ही परिवार के 7 लोग कार से नोएडा से उन्नाव जा रहे थे। हाईवे पर अचानक सामने आई कार से बचने के दौरान ड्राइवर ने ब्रेक लगाया। कार बेकाबू होकर पलट गई। करीब 100 की रफ्तार में कार 4-5 बार पलटी। पूरी खबर पढ़ें 10- प्रतापगढ़ में कंप्यूटर ऑपरेटर का 4 दिन बाद अंतिम संस्कार, मां-पत्नी शव से लिपटकर बिलखे प्रतापगढ़ में आपूर्ति विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर सौरभ विश्वकर्मा का 4 दिन बाद रविवार सुबह अंतिम संस्कार किया गया। मां और पत्नी शव से लिपटकर रो पड़ीं। ऑफिस से लौटते वक्त दबंगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। परिजन शव रखकर आरोपियों पर बुलडोजर कार्रवाई समेत 6 मांगों के लिए अड़े थे। प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। पूरी खबर पढ़ें 11- मंत्री राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले- मसखरेपन पर उतर आए हैं मंत्री राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने X पर लिखा- विपक्ष में रहने के बावजूद उनके पास उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह मसखरेपन पर उतर आए हैं। योगी सरकार गरीबों, महिलाओं, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर काम कर रही है। अपराधियों को जेल भेजा जा रहा है। हफ्ता वसूलने वाले अब सिर्फ अखिलेश की रैलियों में ही दिखाई देते हैं। 12- मथुरा में डंपर ने युवक-बच्ची को कुचला, दोनों की मौत; मां गंभीर मथुरा में रविवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से 20 साल के युवक और 6 साल की बच्ची की मौत हो गई। वहीं, युवक की मां गंभीर रूप से घायल हो गई। युवक अपनी मां के साथ बाइक से बाजार गया था और एक दुकान पर खड़ा था। बच्ची टॉफी खरीदकर दुकान से घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने तीनों को चपेट में ले लिया। डंपर छोड़ ड्राइवर फरार है। पूरी खबर पढ़ें 13- लखनऊ में देश की पहली नौसेना शौर्य वाटिका खुली, 15 दिन फ्री एंट्री लखनऊ में देश की पहली नौसेना शौर्य वाटिका आम लोगों के लिए खोल दी गई है। 15 दिन एंट्री फ्री रहेगी। इसके बाद बड़ों के लिए 50 रुपए और बच्चों के लिए 25 रुपए का टिकट लगेगा। इकाना क्रिकेट स्टेडियम के पास बनी वाटिका में नौसेना से रिटायर्ड युद्धपोत INS गोमती, समुद्री गश्ती विमान और नौसेना की कई मिसाइलें रखी गई हैं। 30 मई को लोकार्पण किया गया था। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- 150 थप्पड़ मारकर जान बचाई, सांप ने डसा था, डॉक्टर ने सोने से मना किया था हरदोई में एक युवक को सांप ने डस लिया। बड़े भाई ने उसे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने युवक को सोने न देने की हिदायत दी। इसके बाद भाई उसे जगाए रखने के लिए लगातार गाल पर थप्पड़ मारता रहा। करीब एक घंटे तक उसने युवक को 150 से अधिक थप्पड़ मारे। डॉक्टर ने युवक को एंटी-वेनम के इंजेक्शन दिए, जिसके बाद उसकी जान बच सकी। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास… 15- मेरठ से अग्निवीर भर्ती रैली शुरू 17 अगस्त से मेरठ में अग्निवीर भर्ती रैली शुरू होगी। इसके बाद बरेली में 14 से 30 सितंबर, लखनऊ में 11 से 28 जनवरी 2027 तक भर्ती होगी। वाराणसी में 2 से 27 फरवरी और अयोध्या में 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027 तक रैली आयोजित की जाएगी। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

Exit mobile version