Site icon News Hub Hindi

रामपुर में पत्नी के प्राइवेट पार्ट में करंट लगाकर हत्या:मायके की जमीन बेचने से किया था इनकार, पति ने हाथ-पैर बांधकर मार डाला

रामपुर में पति ने पत्नी के प्राइवेट पार्ट में करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। पत्नी को मायके से जमीन मिली थी। पति उस जमीन को बेचना चाहता था। इसके लिए पत्नी पर लगातार दबाव बना रहा था। शुक्रवार रात करीब 2 बजे पति ने पत्नी के साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने पत्नी के हाथ-पैर बांधकर उसे करंट लगा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह शव को अपने गांव ले गया। जहां उसने गांव वालों को बताया कि उसकी पत्नी की मौत करंट लगने से हुई है। हालांकि गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और महिला के मायके वालों को घटना की जानकारी दी। मायके वालों ने पति समेत 6 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया। रविवार को पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया। घटना जिला मुख्यालय से करीब 39 किलोमीटर दूर की है। पूरी घटना सिलसिलेवार पढ़िए… केमरी थाना क्षेत्र के भटपुरा तारन गांव का इसरार (42) उर्फ गुड्डू परिवार के साथ टांडा हुरमतनगर में किराए के मकान में रहता है। इसरार मजदूरी करता है। उसकी शादी 2013 में नसरीन (36) से हुई थी। उनके चार बेटियां जिया (12), जेबा (10), जोया (8), जुनैरा (2) और एक बेटा जुबैर (3) है। नसरीन के मां-पिता की उसकी शादी के बाद ही मौत हो गई थी। उसका कोई भाई नहीं था। वह सात बहनें हैं। नसरीन सात बहनों में चौथे नंबर की थी।
माता-पिता की मौत के बाद उनकी संपत्ति सातों बहनों में बराबर बांट दी गई। नसरीन के हिस्से में आधा बीघा जमीन आई। बाद में उसने एक बहन के हिस्से की आधा बीघा जमीन भी खरीद ली। इस तरह उसके पास कुल एक बीघा जमीन हो गई। नसरीन के चाचा इसरार ने बताया कि ससुराल वाले इस जमीन को बेचना चाहते थे, लेकिन नसरीन ने बच्चों के भविष्य को देखते हुए जमीन बेचने से मना कर दिया। इसके बाद ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे। प्राइवेट पार्ट में करंट लगाकर हत्या का आरोप मृतक नसरीन के चाचा इसरार ने बताया- 14 अगस्त की रात करीब 2 बजे आरोपी इसरार ने नसरीन से जमीन बेचने की बात कही। नसरीन ने जमीन बेचने से मना किया तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इसरार ने नसरीन के साथ मारपीट की। इसके बाद इसरार ने नसरीन के हाथ-पैर बांधकर फर्राटा फैन के तार से प्राइवेट पार्ट में करंट लगा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। मृतका के चाचा निसार अहमद ने बताया कि नसरीन के शरीर पर कई चोट के निशान थे। शरीर के कई हिस्सों और गले पर भी चोट के निशान थे। हत्या के बाद गांव ले जाकर करंट से मौत की कहानी बताई हत्या के बाद इसरार किराए की कार से शव को अपने गांव भटपुरा तारन ले गया। वह शनिवार सुबह करीब 7 बजे गांव पहुंचा। वहां वह रोने लगा और ग्रामीणों को बताया कि नसरीन की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद केमरी पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मायके वालों को सूचना दी। शनिवार रात नसरीन के परिजनों ने थाने पहुंचकर पति इसरार, ससुर हनीफ, ननद बब्बो और रफत, ननदोई इस्तेकार और नूर आलम के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।पोस्टमॉर्टम के बाद मायके वाले शव को अपने गांव शिकारपुर उर्फ पहाड़पुर, थाना टांडा ले गए। शनिवार देर शाम वहीं नसरीन का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने बिजली का तार और मोबाइल बरामद किया प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने तूफानी पंखे से अलग किया गया बिजली का तार, फटी हुई काली पॉलीथीन और काले रंग का कीपैड मोबाइल बरामद किया है।आरोपी इसरार उर्फ गुड्डू को रविवार को हाईवे पर नवीन मंडी जीरो पॉइंट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। ——————– ये खबर भी पढ़ेंः- वाराणसी एयरपोर्ट पर गोली चली, 2 कर्मचारी घायल:यात्री पिस्टल जमा कराने पहुंचा था, तभी फायर हुआ; मुंबई जा रहा था वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान एक यात्री से गोली चल गई। इससे महिला समेत दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। एयरपोर्ट निदेशक के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। यात्री पत्नी के साथ IX-1810 फ्लाइट से मुंबई जा रहा था। यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…

Exit mobile version