लखनऊ में रविवार सुबह 9 बजे एक महिला हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। वह घर के छज्जे पर करीब 5 मिनट तक तार से चिपकी रही। करंट लगने से उसके कपड़े जल गए। शरीर से धुआं निकलता रहा। महिला लगातार तड़पती रही। महिला को तार से चिपका देखकर आसपास के लोगों ने पावर हाउस में फोन किया। बिजली सप्लाई बंद कराई। इसके बाद महिला को तार से अलग कर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना सरोजनीनगर क्षेत्र की है। छत पर कपड़े सुखाने गई थी सरोजनीनगर की जयराजपुरी कॉलोनी में रहने वाले संदीप रावत घरों में वाई-फाई लगाने का काम करते हैं। साथ में पत्नी मीरा (35) और छोटे भाई प्रदीप रावत रहते हैं। रविवार सुबह संदीप घर में सो रहा था। प्रदीप शनिवार को महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन गया था। सुबह करीब 9 बजे मीरा कपड़े धोने के बाद उन्हें सुखाने दूसरी मंजिल की छत पर गई थी। कपड़े डालते समय उसका दुपट्टा पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट लगते ही मीरा बाउंड्री के बाहर छज्जे पर गिर गई। इसी दौरान उसका पैर भी तार से छू गया। इसके बाद मीरा के शरीर से धुआं निकलने लगा और वह जलने लगी। पहले सरोजनीनगर CHC पहुंचाया, वहां से रेफर आसपास के लोगों ने मीरा को तार से चिपका देखा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर पति संदीप की नींद खुली। बाहर का नजारा देखकर वह घबरा गया। लोगों ने तुरंत गहरु पावर हाउस में फोन कर बिजली सप्लाई बंद कराई। तब तक मीरा बुरी तरह झुलस चुकी थी। बिजली बंद होने के बाद उसे नीचे उतारा गया। एंबुलेंस से सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका सिविल अस्पताल में इलाज जारी है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मोहनलालगंज में करंट लगने से मजदूर की मौत मोहनलालगंज के ज्योतिनगर में रविवार सुबह बन रहे मकान में काम करते समय एक मजदूर करंट की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत सीएचसी मोहनलालगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मजदूर चौराहे से दिहाड़ी पर काम के लिए लाया था ज्योतिनगर के रहने वाले मोहम्मद अरमान सुबह मजदूर चौराहे से दिहाड़ी पर मनोज (22) को काम के लिए अपने बन रहे मकान पर लेकर गए थे। काम के दौरान मनोज बिजली के तारों की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान रानीखेड़ा, मजरा बैरीसालपुर निवासी मनोज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। —————- यह खबर भी पढ़िए… लखनऊ में सीजन की रिकॉर्ड बारिश, जानकीपुरम के हालात बिगड़े:बेड, किचन डूबे; सड़कों पर बंद हो रहीं बाइकें लखनऊ में तड़के 3 बजे से सुबह 8 बजे तक मूसलाधार बारिश हुई। यह इस सीजन की रिकॉर्ड बारिश है। शहर के कई इलाकों में घरों में पानी भर गया। जानकीपुरम, भूतनाथ, संजयगांधीपुरम, टेढ़ी पुलिया, सचिवालय रोड, इंजीनियरिंग कॉलेज की तरफ घरों में 2 से 4 फीट तक पानी भरा है। पूरी खबर पढ़ें
