Site icon News Hub Hindi

लखनऊ रिशिता मैनहैटन सोसाइटी में हरियाली तीज उत्सव:महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया शुभारंभ, नमिता राय बनीं तीज क्वीन

लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार स्थित रिशिता मैनहैटन सोसाइटी में रविवार को हरियाली तीज उत्सव का आयोजन किया गया। इस उत्सव में सोसाइटी की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर सुषमा खर्कवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। महापौर ने कहा कि तीज हमारी समृद्ध परंपरा और संस्कृति का अभिन्न अंग है और उन्होंने सभी को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उत्सव के दौरान महिलाओं ने नृत्य, गायन, ग्रुप डांस और रैंप वॉक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं के बीच ‘तीज क्वीन’ का भी चयन किया गया। नमिता राय को ‘तीज क्वीन’ का ताज पहनाया गया, जबकि राधा प्रथम रनर अप और आकांक्षा सोनी द्वितीय रनर अप रहीं। जया कौशल ने लोकगीत प्रस्तुत किए इस अवसर पर सोसाइटी की सम्मानित सदस्य जया कौशल ने लोकगीत प्रस्तुत किए, जिसकी महिलाओं ने सराहना की। हरियाली तीज उत्सव का सफल आयोजन सोसाइटी निवासी रचना चतुर्वेदी, बबिता राय, रश्मि, सुनीता तोलानी, रूचिका तोलानी, तृप्ति बुधलाकोटि और शशि पोरवाल ने किया। आयोजक सदस्य बबिता राय ने बताया कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ आपसी मेलजोल का अवसर भी प्रदान करते हैं। इस कार्यक्रम में सोसाइटी की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Exit mobile version