यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। मंगलवार तड़के 3 बजे से लखनऊ, सहारनपुर, प्रतापगढ़ और संभल समेत 25 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। आसमान में काले-घने बादल छाए रहने के कारण सुबह अंधेरा छाया रहा। संभल में तेज बारिश से रोडवेज बस अड्डा तालाब बन गया। सरकारी अस्पताल में भी पानी घुस गया। प्रतापगढ़ की लालगंज तहसील, कोतवाली, प्राइमरी स्कूल और CHC में 2 फीट तक पानी भर गया। कौशांबी और भदोही में सड़कें जलमग्न हो गईं। भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, कौशांबी, भदोही, हरदोई, अमेठी, जौनपुर समेत 10 जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। इधर, गंगा- यमुना समेत प्रदेश की 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। वाराणसी में घाट किनारे बने 100 से अधिक छोटे मंदिरों में पानी घुस गया। मणिकर्णिका घाट स्थित रत्नेश्वर महादेव और दशाश्वमेध घाट स्थित ब्रह्मेश्वर महादेव मंदिर 70% तक डूब गए। नमो घाट की सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया। सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कर दी गई। दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती अब छत पर कराई जा रही है। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट के शवदाह स्थलों तक पानी पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार सीढ़ियों के ऊपरी हिस्से में कराया जा रहा है। कानपुर और उन्नाव में गंगा के तटीय इलाके जलमग्न हो गए। 500 से अधिक घरों में पानी भरने की वजह से लोग छतों पर जिंदगी काट रहे हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी और बरदहा नदी का जलस्तर बढ़ने से रामघाट की सीढ़ियां डूब गई हैं। इससे पहले, सोमवार को गाजियाबाद, कानपुर और वाराणसी समेत 65 शहरों में बारिश हुई थी। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार- हवा में कम दबाव का क्षेत्र बनने, मानसून ट्रफ रेखा के उत्तर की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण मानसून सक्रिय हो गया है। 19 से 23 अगस्त के दौरान मानसूनी गतिविधियों में और तेजी आएगी। बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के सिस्टम के असर से बारिश का दौर जारी रहेगा। 20 और 21 अगस्त को भारी बारिश होने के आसार हैं। आज कहां-कहां बारिश की संभावना? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
