Site icon News Hub Hindi

शाहजहांपुर में थाने के सामने युवकों के दो गुट भिड़े:लाठी-डंडे और बेल्ट चले, पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया

e38757d0 5e9c 48d1 b4ba bdc095495626 1786884531467 7VflGV

शाहजहांपुर में तिलहर थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब 4 बजे थाने के ठीक सामने युवकों के दो गुटों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और बेल्ट चले। कुछ युवकों ने पत्थर भी उठाए। घटना का 38 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवक को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान लाठी-डंडे और बेल्ट से हमला किया गया। वीडियो में कुछ युवक पत्थर उठाते हुए भी नजर आ रहे हैं। मारपीट में कुछ युवकों के घायल होने की भी जानकारी है। शनिवार को भी हुआ था विवाद जानकारी के अनुसार, दोनों गुटों के बीच शनिवार को भी विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि तिलहर थाना क्षेत्र के दो युवक थाने के पास खड़े थे। इसी दौरान दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया। शुरुआत में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया, लेकिन बाद में किसी टिप्पणी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। लोगों ने बीच-बचाव कर उस समय मामला शांत करा दिया था। फोन कर बुलाने के बाद मारपीट का आरोप रविवार शाम करीब 4 बजे एक गुट ने दूसरे पक्ष के एक युवक को फोन कर बुलाया। आरोप है कि युवक के पहुंचते ही उसके साथ लाठी-डंडों और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। थाने के सामने हुई मारपीट से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों पक्षों को थाने लाई पुलिस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। तिलहर के सीओ विदुश सक्सेना ने बताया कि विवाद के कारणों की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version