अखण्डनगर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में खुलेआम पेड़ काटे जा रहे हैं, लेकिन सूचना के बावजूद न तो वन विभाग और न ही पुलिस कोई ठोस कार्रवाई कर रही है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार गांव के कुछ लोग बिना किसी अनुमति के पेड़ काटकर लकड़हारे को बेच रहे हैं। इस संबंध में पीड़ित रामपाल तिवारी ने वन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी राकेश चौहान और पुलिस को जानकारी दी, इसके बावजूद कटान जारी है।
रामपाल तिवारी का कहना है कि ये पेड़ लम्बे समय से गांव की पहचान और पर्यावरण का हिस्सा रहे हैं, लेकिन अब उन्हें एक-एक कर काटा जा रहा है। आरोप है कि पेड़ों की लकड़ी दूसरे व्यक्ति के माध्यम से लकड़हारों तक पहुंचाई जा रही है।
मामले की सूचना थाना अखण्डनगर को भी दी गई, फिर भी अब तक कटान नहीं रुक पाया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
पीड़ित पक्ष ने उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप कर अवैध कटाई पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाया गया, तो गांव का हरित क्षेत्र पूरी तरह खत्म हो जाएगा।




