रेलवे में टीसी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से करीब 25 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित को फर्जी वेबसाइट पर चयन सूची दिखाकर विश्वास में लिया और अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम ऐंठ ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला शाहगंज क्षेत्र का है। आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के रजतमऊ मुस्तफाबाद निवासी सैयद रिजवानुल हसन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ताखा मरियम गांव निवासी संजय पुत्र हरिराम ने अक्टूबर 2024 में रेलवे विभाग में टीसी पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी के झांसे में आकर उसने किस्तों में 17 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद 25 अक्टूबर 2024 को आरोपी के कहने पर 8 लाख रुपये एक मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर किए गए। कुछ दिन बाद आरोपी ने एक फर्जी वेबसाइट पर चयन सूची दिखाकर गुमराह किया।
काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो नियुक्ति पत्र मिला और न ही रेलवे विभाग से कोई आधिकारिक कॉल आई। तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में मोबाइल फोन बंद कर लिया।
शाहगंज कोतवाल किरन कुमार सिंह के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी संजय कुमार को फैजाबाद रोड स्थित चिरैया मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।




