UP News: शराब के लिए रुपये न मिलने पर युवक ने सिर में ठोंकी कील, हालत गंभीर

शाहजहांपुर।
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के लिए रुपये न मिलने पर एक युवक ने अपने सिर में लोहे की कील ठोंक ली। इस खतरनाक कदम से उसकी हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार रोजा थाना क्षेत्र की आईटीआई कॉलोनी निवासी विशाल उर्फ विक्की शराब का आदी बताया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि वह कामकाज नहीं करता और अक्सर अपनी मां से शराब पीने के लिए रुपये मांगता रहता है।

रविवार दोपहर विशाल नशे की हालत में अपनी मां के पास पहुंचा और शराब के लिए पैसे मांगने लगा। मां द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर वह गुस्से में आ गया और जूते में लगाई जाने वाली लोहे की कील अपने सिर में ठोंक ली। युवक को दर्द से कराहता देख मां ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में लगी कील निकाल दी। फिलहाल युवक का इलाज जारी है।

इस संबंध में रोजा थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।

यह लेखक News Hub Hindi से जुड़ा हुआ है और स्थानीय व राज्य स्तरीय समाचारों पर नियमित रूप से लेखन करता है। प्रशासनिक गतिविधियाँ, जनहित से जुड़े मुद्दे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और सामाजिक घटनाएँ इसके प्रमुख विषय हैं।लेखक का फोकस तथ्य आधारित रिपोर्टिंग और समय पर सही जानकारी पाठकों तक पहुँचाने पर रहता है। खबरों के चयन और प्रस्तुति में विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक सूचनाओं और जमीनी तथ्यों को प्राथमिकता दी जाती है।

Leave a Comment