सिद्धार्थनगर में NEET की तैयारी कर रही युवती के प्राइवेट पार्ट छूने के आरोप में परिजनों ने सरकारी डॉक्टर की पिटाई कर दी। डॉक्टर खुद को बेकसूर बताते रहे, लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। मामला जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर बांसी कोतवाली तिराहे के पास 13 अक्टूबर का है। पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद रविवार को दैनिक भास्कर ने आरोपी डॉक्टर से बात की। डॉक्टर ने छेड़छाड़ की बात को नकारते हुए इसे पुरानी रंजिश में की गई मारपीट का दावा किया है। कहा- मुझे फंसाया गया है। डॉक्टर बोले- जांच के बाद रिपोर्ट देकर चली गई थी युवती गोरखपुर निवासी डॉ. लक्ष्मी शंकर सिंह सरकारी अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के पद पर तैनात हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने बताया कि 13 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे सरकारी ड्यूटी खत्म होने के बाद वह बांसी कोतवाली से कुछ दूरी पर स्थित डायमंड डायग्नोस्टिक्स एंड पैथोलॉजी सेंटर के ऊपर बने अपने किराए के कमरे पर पहुंचे थे। उनके मुताबिक, सरकारी अस्पताल में रहने की व्यवस्था नहीं है, इसलिए वह वहां रहते हैं। कभी-कभी नीचे स्थित सेंटर पर मरीजों का अल्ट्रासाउंड भी करते हैं। डॉक्टर ने बताया कि इसी दौरान बांसी के राप्ती नगर की रहने वाली एक युवती अल्ट्रासाउंड कराने पहुंची। वह करीब डेढ़ साल से लखनऊ में रहकर NEET की तैयारी कर रही है। युवती ने पेट में दर्द होने की बात कही थी। उसके पास किसी डॉक्टर की पर्ची नहीं थी, फिर भी उन्होंने उसका अल्ट्रासाउंड किया। डॉ. सिंह के मुताबिक, जांच के दौरान उन्होंने युवती से उसकी पढ़ाई के बारे में पूछा। युवती ने NEET की तैयारी करने और रोज पांच घंटे पढ़ने की बात बताई। डॉक्टर ने उसे ज्यादा समय तक पढ़ाई करने की सलाह दी। उनके अनुसार, अल्ट्रासाउंड के बाद उन्होंने युवती को रिपोर्ट दे दी और वह वहां से चली गई। ‘एक घंटे बाद पहुंचे 8-10 लोग, मारपीट की’ डॉ. लक्ष्मी शंकर सिंह ने बताया कि युवती के जाने के करीब एक घंटे बाद 8 से 10 लोग सेंटर पर पहुंचे। उन्होंने सवाल किया कि अकेली युवती का अल्ट्रासाउंड कैसे किया गया। इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। डॉक्टर ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों में आदित्य वर्मा भी शामिल था। उनके मुताबिक, मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद थे और उनकी मौजूदगी में भी उनके साथ मारपीट की गई। डॉक्टर ने दावा किया कि वीडियो बनने से पहले भी 8 से 10 लोगों ने उन्हें पीटा था। ‘पुरानी रंजिश में की गई मारपीट’ डॉ. सिंह ने 13 अक्टूबर की घटना को पांच महीने पुराने विवाद से जोड़ते हुए कहा कि 30 मई 2026 को सरकारी अस्पताल में एक महिला के इलाज को लेकर विवाद हुआ था। उनके मुताबिक, उन्होंने महिला को दूसरे अस्पताल में रेफर करने की सलाह दी थी और तत्काल के लिए कुछ दवाइयां दी थीं। ज्यादा ब्लीडिंग के कारण महिला का गर्भपात हो गया था। इसके बाद अस्पताल में कई लोग इकट्ठा हो गए और इलाज को लेकर विवाद करने लगे। डॉक्टर का आरोप है कि उस दौरान 8 से 10 लोगों ने उनके साथ अभद्रता की और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। इसके बाद उन्होंने बांसी के अंगद वर्मा और 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दी थी। डॉ. सिंह का दावा है कि इसी पुराने विवाद के चलते 13 अक्टूबर को उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने युवती से छेड़छाड़ के आरोपों को खारिज किया है। पुलिस बोली- दोनों पक्षों में समझौता हुआ बांसी कोतवाली प्रभारी महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी ने बताया- मामला थाने आया था। दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उनके बीच समझौता हो गया। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। सीएमओ बोले- निजी सेंटर पर प्रैक्टिस की जांच होगी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार दोहरे ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में तैनात डॉक्टर का निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर प्रैक्टिस करना नियमों के खिलाफ है। इस संबंध में जानकारी जुटाकर जांच कराई जाएगी। युवती से छेड़छाड़ के आरोपों की भी जानकारी ली जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ———————— ये खबर भी पढ़ेंः- मेरठ सांप कांड-जज ने फैसले में 4 बड़ी हत्याएं गिनाईं:दामिनी, इल्मा, सोनम, सिया का नाम लिया; जानिए कौन हैं ये लड़कियां मेरठ के सांप कांड में पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को 16 अक्टूबर को सजा-ए-मौत दी गई। जजमेंट में जज ने सिर्फ रविता केस का जिक्र नहीं किया। देश में सामने आए ऐसे कई मामलों को भी फैसले का हिस्सा बनाया, जिनमें प्रेम संबंधों के चलते पति की हत्या की साजिश पत्नी ने रची। जजमेंट में लिखा- इसी मेरठ के हस्तिनापुर में रविता केस से सीख लेकर और आगे बढ़ते हुए दामिनी ने पति की हत्या का तरीका निकाला। रविता ने घोड़ा पछाड़ सांप (बिना जहर वाला ) से डसाया था। इसकी जगह दामिनी ने असली जहरीले सांप कॉमन करैत से पति को डसवा दिया। ऐसे केस के बाद युवाओं के मन में शादी के प्रति डर बन गया। पूरी खबर पढ़ें…




