लखनऊ।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से फॉर्म-7 भरवाने की प्रक्रिया तत्काल बंद करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के जरिए गड़बड़ियां की जा रही हैं और भारतीय जनता पार्टी की हर काली करतूत और बेईमानी सामने आ रही है।
रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव ने सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एसआईआर (Special Intensive Revision) के तहत भरवाए जा रहे फॉर्म-7 में गंभीर अनियमितताएं हो रही हैं, जो लोकतंत्र के लिए खतरा हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने नंदलाल नामक व्यक्ति का उदाहरण देते हुए कहा,
“आज हमारे साथ नंदलाल हैं। यही वे नंदलाल हैं, जिनसे भाजपा ने फॉर्म-7 पर दस्तखत कराए थे। लोकतंत्र को बचाने की उनकी बहादुरी के लिए समाजवादी पार्टी उन्हें एक लाख रुपये दे रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि नंदलाल अपने घर पर मंदिर का निर्माण कर रहे हैं और समाजवादी लोग उनके मंदिर निर्माण में भी सहयोग करेंगे।
सपा मुखिया ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा,
“भाजपा की हर काली करतूत, हर बेईमानी पकड़ी जा रही है। आप सिस्टम को खत्म कर रहे हैं और जब सिस्टम खत्म होता है, तो लोकतंत्र भी खत्म हो जाता है।”
अखिलेश यादव ने स्पष्ट कहा कि चुनाव आयोग को निष्पक्षता बनाए रखते हुए फॉर्म-7 की प्रक्रिया पर पुनर्विचार करना चाहिए, ताकि किसी भी मतदाता के अधिकारों का हनन न हो।

