Site icon News Hub Hindi

चांदा में किराना दुकान का शटर तोड़कर चोरी, 25 हजार की नकदी समेत सामान ले उड़े चोर

chanda chhapar nahar kirana dukan chori

चांदा क्षेत्र में चोरी की एक और वारदात सामने आई है। छापर नहर के पास स्थित एक किराना दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए शटर तोड़ दिया और दुकान में रखी नकदी व कीमती किराने का सामान चोरी कर फरार हो गए।

यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। चोरी की जानकारी बुधवार सुबह उस समय हुई, जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा। सराय मंगा निवासी दुकानदार मनोज कुमार ने बताया कि रात के अंधेरे में चोर शटर तोड़कर दुकान के अंदर घुसे और गल्ले में रखी करीब 25 हजार रुपये की नकदी के साथ-साथ किराने का सामान भी ले गए।

दुकान में बिखरा सामान और टूटा हुआ शटर देखकर दुकानदार के होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और थाने में लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामले को लेकर कोतवाल अमित कुमार मिश्र ने बताया कि घटना की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस आसपास के इलाकों की जांच कर रही है और जल्द ही मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संदिग्धों की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के दुकानदारों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय गश्त बढ़ाई जाए, ताकि ऐसी वारदातों पर रोक लग सके।

Exit mobile version