एटा। विश्व हिंदू परिषद ब्रज प्रांत की प्रांत कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक शनिवार को जीटी रोड स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में शुरू हुई। बैठक के पहले दिन हिंदू समाज में एकता, समरसता, धर्म और राष्ट्र रक्षा के संकल्प को दोहराया गया। साथ ही घर वापसी, गो-संरक्षण और समाज जागरण से जुड़े विषयों पर विस्तार से मंथन हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए मेरठ क्षेत्र के संगठन मंत्री मुकेश खांडेकर ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि जन-जागरण का मंत्र है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विहिप का उद्देश्य जातिगत भेदभाव समाप्त कर समाज में एकता और समरसता स्थापित करना है। हिंदू समाज के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अन्याय और अत्याचार के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाना संगठन की प्राथमिकता है।
उन्होंने जिहादी मानसिकता को विश्व शांति के लिए घातक बताते हुए कहा कि समाज को इसके प्रति सजग रहना होगा। बैठक में गो-हत्या की घटनाओं पर भी गंभीर चर्चा हुई और गोवंश सुरक्षा के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी। साथ ही समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से 15 जनवरी से 15 फरवरी तक हिंदू सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
प्रांत मंत्री अनुज कुमार ने जिलों में होने वाले आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। बैठक में केंद्रीय मंत्री दिनेश उपाध्याय, क्षेत्र समरसता प्रमुख मुकेश कुमार, ब्रज प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल, संगठन मंत्री राजेश कुमार, सह मंत्री राकेश त्यागी, अभय प्रताप सिंह, धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन प्रांत सह मंत्री राकेश त्यागी ने किया।

