झारखंड के देवघर जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। जसीडीह इलाके में स्थित एक रेलवे फाटक पर ट्रेन और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब ट्रक रेलवे फाटक पार करने की कोशिश कर रहा था और उसी दौरान ट्रेन आ गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की चपेट में पास से गुजर रही दो मोटरसाइकिलें भी आ गईं, जिससे एक बाइक सवार के घायल होने की सूचना है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा जसीडीह–हावड़ा मेन लाइन पर रोहिणी के नवाडीह रेलवे गेट के पास हुआ। घटना के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से डाउन और अप लाइन दोनों पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी।
हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद की स्थिति दिखाई दे रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद रेलवे फाटकों पर सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं।
रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और ट्रैक क्लियर करने में जुटी रहीं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

