सोने और चांदी की कीमतों में लगातार हो रही तेज़ बढ़ोतरी ने कानपुर के सराफा बाजार में भारी उथल-पुथल मचा दी है। सबसे ज्यादा चिंता चांदी के दामों को लेकर देखी जा रही है, जहां एक ही दिन में 15 हजार रुपये से अधिक की बढ़ोतरी ने कारोबारियों के साथ-साथ ग्राहकों को भी सकते में डाल दिया है।
चांदी के दामों में अचानक आए उछाल के चलते सराफा कारोबारी अब बेहद सतर्कता के साथ सौदे कर रहे हैं। थोक बाजार की स्थिति यह है कि सौदा तय होने के कई घंटे बाद ही माल की डिलीवरी हो पा रही है। वहीं, फुटकर बाजार में ग्राहक इतने डरे हुए हैं कि वे सीधे बाजार भाव पर खरीदारी करने से बच रहे हैं और 15 से 20 हजार रुपये नीचे जाने का इंतजार कर रहे हैं।
सराफा कारोबारियों का कहना है कि बाजार में अब स्थिरता पूरी तरह खत्म हो चुकी है। हालात ऐसे हैं कि बिना माल हाथ में आए कोई भी सौदा पक्का नहीं माना जा रहा। यहां तक कि सराफा का घोषित बाजार भाव भी भरोसेमंद साबित नहीं हो पा रहा है। इसके चलते खरीद और बिक्री के भावों में भारी अंतर देखने को मिल रहा है, जिससे बाजार में असमंजस और डर का माहौल बना हुआ है।

