Site icon News Hub Hindi

लखनऊ में 50 फीट ऊंचे झूले की ट्रॉली टूटी, VIDEO:बच्चियां चीखती रहीं-रोको, चोट लग गई, खून बह रहा है; भाई-बहन समेत 5 घायल

लखनऊ के पॉश इलाके में मंगलवार रात सावन महोत्सव के दौरान 50 फीट ऊंचे चलते झूले की ट्रॉली टूट गई। ट्रॉली पांच-छह ट्रॉलियों से टकराती हुई नीचे आई। हादसे में भाई-बहन समेत 5 बच्चे घायल हो गए। एक बच्ची के मुंह से खून आने लगा। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें तीन की हालत गंभीर है। हादसे का डराने वाला वीडियो भी सामने आया। वीडियो में एक बच्ची अपने भाई-बहन के साथ बैठी है। अचानक जोर का झटका लगता है। चीख-पुकार मच जाती है। बच्ची चिल्लाती है- “झूला रोको, चोट लग गई है! खून बह रहा है!” आसपास की ट्रॉली में बैठे लोग भी चिल्लाते हैं। करीब 10 मिनट की चीख-पुकार के बाद झूला रुकता है। घायलों को नीचे उतारा जाता है। हादसा इंदिरा नगर में सुषमा हॉस्पिटल, इस्माइलगंज के पास रात साढ़े 7 बजे हुआ। हादसे के बाद लोगों ने मेला संचालक को पकड़ लिया। हालांकि, बाद में वह मौका पाकर भाग निकला। घायलों के परिजनों का आरोप है कि मेला बिना अनुमति के संचालित किया जा रहा था। वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी नहीं थे। चलते झूले में खाली ट्रॉली टूटकर गिरी विभूतिखंड के नया गांव विजयीपुर निवासी सूर्या सिंह अपनी बहनों और दोस्तों के साथ मेले में आए थे। उन्होंने बताया- मेरे साथ बहनें अंकिता (14) और नैंसी (12) थीं। इसके अलावा, दोस्त आयुष शर्मा, उसकी बहन इशिका और अनामिका भी साथ थे। करीब 15 मिनट तक हमने मेला घूमा, फिर टिकट लेकर झूला झूलने चले गए। अचानक एक खाली ट्रॉली टूटकर हमारी ट्रॉली से टकराई। अंकिता के मुंह पर गंभीर चोट। उसकी नाक और मुंह से खून आने लगा। नैंसी और मुझे भी चोटें आईं। इससे पहले कि हम कुछ समझ पाते, ट्रॉली नीचे की कुछ अन्य ट्रॉलियों से टकराते हुए बीच में फंस गई। नीचे की ट्रॉली में बैठी एक लड़की बेहोश हो गई, जबकि साथ में बैठी एक अन्य लड़की को भी चोटें आईं। हम लोग झूला रोकने के लिए चिल्लाने लगे, लेकिन ऑपरेटर ने एक न सुनी। चीख-पुकार के बीच आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों ने सभी घायलों को मेला स्थल के पास स्थित सुषमा अस्पताल पहुंचाया। अंकिता, नैंसी समेत दो अन्य लड़कियों का इलाज चल रहा है। वहीं, सूर्या को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। बच्ची के शरीर में कई फ्रैक्चर सुषमा अस्पताल के सीईओ अर्पित सिंघल ने बताया कि निशा कुमारी (16) के शरीर में कई फ्रैक्चर मिले हैं। वहीं, दूसरी लड़की को मामूली चोटें आई थीं, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। घायल बोले- समय रहते झूला रोक देते तो ज्यादा चोट नहीं लगती अंकिता की मां पुष्पा सिंह ने मेले के आयोजकों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा- यह पता लगाया जाना चाहिए कि मेले के लिए जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं। हम पुलिस के पास जाएंगे और तहरीर देंगे। वहीं, घायल नैंसी ने बताया कि हादसे के बाद भी झूला तुरंत नहीं रोका गया, जिससे कई और लोग चोटिल हो गए। अगर समय रहते झूला रोक दिया जाता, तो किसी को इतनी गंभीर चोटें नहीं आतीं। मेले में सभी झूलों को बंद कराया हादसे के तुरंत बाद इंदिरानगर सावन महोत्सव में लगे सभी झूलों को बंद करा दिया गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तरफ से लिखित तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ———————- ये खबर भी पढ़ें… KGMU में मरीजों को फंसाने वाले 3 गिरफ्तार:मरीजों के तीमारदारों को बनाते थे निशाना, दवा और निजी अस्पताल में बेड का देते झांसा KGMU ट्रॉमा सेंटर में सोमवार और मंगलवार को दलालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। मरीजों और उनके तीमारदारों से दवा उपलब्ध कराने के नाम पर कथित तौर पर रकम वसूलने का मामला सामने आया। साथ ही मरीज को निजी अस्पताल में शिफ्ट करने वाला दलाल धरा गया है। ट्रॉमा सेंटर चौकी इंचार्ज ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को पकड़ा। पुलिस पूछताछ कर उनके पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पढ़िए पूरी खबर…

Exit mobile version