Site icon News Hub Hindi

लखनऊ में अधिवक्ताओं की मारपीट: कार में फंसाकर 200 मीटर घसीटा

lucknow-lawyers-fight-car-dragging

गोमतीनगर इलाके में बुधवार को दो अधिवक्ताओं के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक अधिवक्ता को कार में फंसाकर करीब 200 मीटर तक घसीटा गया, जबकि दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रकाबगंज निवासी अधिवक्ता संजय श्रीवास्तव के अनुसार, वह शाम करीब छह बजे बेटे के साथ बाइक से जा रहे थे। बाइक बेटा चला रहा था। इसी दौरान गोमतीनगर में यूपी दर्शन पार्क के सामने कार सवार अधिवक्ता शौर्य ज्योति सिंह और उसके साथी भरत ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक ली और गाली-गलौज करने लगे।

संजय का आरोप है कि विरोध करने पर भरत ने अगवा करने की नीयत से उन्हें कार में घसीट लिया, जिससे उनका आधा शरीर बाहर लटक गया। आरोप है कि शौर्य ने कार तेज़ी से भगाते हुए मारपीट की। राहगीरों द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपियों ने 25 हजार रुपये और मोबाइल लूटने के बाद उन्हें चलती कार से करीब 200 मीटर दूर फेंक दिया

वहीं, दूसरे पक्ष के अधिवक्ता शौर्य ज्योति सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संजय शराब के नशे में थे और उनका बेटा बाइक गलत तरीके से चला रहा था। उनकी कार से टक्कर होने से बाल-बाल बची। विरोध करने पर संजय और उनके बेटे ने उनकी और भरत की पिटाई की। शौर्य का यह भी आरोप है कि भरत की चेन लूटी गई और कार का शीशा ईंट से तोड़ा गया।

इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक, बाइक और कार के बीच टक्कर की स्थिति बनी थी और मारपीट में दोनों पक्षों को चोटें आई हैं। मामले में शौर्य, भरत, संजय और उनके बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। CCTV फुटेज खंगाली जा रही है और जांच जारी है।

Exit mobile version