महोबा, प्रमुख संवाददाता।
जिले में सड़कों की बदहाली को लेकर जनप्रतिनिधियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। सड़कों की जर्जर हालत से नाराज भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला बीच सड़क पर रोककर जोरदार विरोध दर्ज कराया। इस घटनाक्रम से कलेक्ट्रेट मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह एक दिवसीय महोबा दौरे पर आए थे। वह युवा उद्घोष कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी रास्ते में भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत अपने समर्थकों के साथ काफिले के सामने खड़े हो गए। विधायक ने जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की बदहाली को लेकर नाराजगी जताई और मौके पर ही विरोध शुरू कर दिया।
विरोध के दौरान हालात उस समय बिगड़ गए, जब भाजपा कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी झड़प हो गई। कुछ देर के लिए मार्ग पूरी तरह जाम हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में स्थिति को संभालते हुए मंत्री का काफिला आगे रवाना किया गया।
इस घटना ने जिले में सड़कों की हालत और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, राजनीतिक गलियारों में इस विरोध को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

