Site icon News Hub Hindi

अतिक्रमण पर सख्ती: सुल्तानपुर में 13 दुकानदारों पर कार्रवाई, जुर्माना

sultanpur atikraman action 13 dukan

सुल्तानपुर नगर क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर मंगलवार को नगर पालिका और पुलिस प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया। इस दौरान 13 दुकानदारों और पथ विक्रेताओं पर कार्रवाई करते हुए कुल 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि अवैध रूप से लगाए गए दुकानों का सामान जब्त किया गया।

यह अतिक्रमण हटाओ अभियान उपजिलाधिकारी सदर विपिन कुमार द्विवेदी, अधिशासी अधिकारी लालचन्द्र सरोज और प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के मुख्य मार्गों और सड़कों की पटरियों को अतिक्रमण मुक्त कराया।

अभियान के दौरान कोतवाली नगर से जिला चिकित्सालय होते हुए गभड़िया पुल तक और वापसी में केनरा बैंक से घण्टाघर होते हुए शाहगंज चौराहा तक सड़क की दोनों पटरियों पर फैले अतिक्रमण को हटाया गया। कई दुकानदारों द्वारा दुकानें आगे बढ़ाकर किए गए अवैध कब्जे हटाए गए और बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया।

अधिशासी अधिकारी लालचन्द्र सरोज ने साफ कहा कि यह अभियान एक दिन का नहीं, बल्कि लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जुर्माना लगने के बाद भी अगर कोई दुकानदार या पथ विक्रेता दोबारा अवैध कब्जा करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि नगर पालिका द्वारा वेंडिंग जोन में पथ विक्रेताओं की GPS फोटो के साथ नियमित उपस्थिति दर्ज की जा रही है। निर्धारित स्थल पर दुकान न लगाने वाले पथ विक्रेताओं को नोटिस देकर उनका आवंटन रद्द किया जाएगा। सभी पथ विक्रेताओं से अपील की गई है कि इसे अंतिम मौका मानते हुए वेंडिंग जोन में ही दुकानें लगाएं।

इस अभियान में नगर पालिका के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अधूलिका, अवर अभियंता नीलम कुमारी सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Exit mobile version