सुल्तानपुर के धनपतगंज क्षेत्र में गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम चंदीपुर स्थित शोभाराम इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं को गो माता के महत्व, संरक्षण और भारतीय संस्कृति में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गो प्रेमी लव वैष्णव ने कहा कि गो माता भारतीय सभ्यता की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि गो माता केवल आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि कृषि, पर्यावरण संरक्षण और मानव स्वास्थ्य से भी उनका सीधा संबंध है। उनका कहना था कि यदि गो संरक्षण को राष्ट्रीय आंदोलन का स्वरूप दिया जाए, तो देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है। साथ ही उन्होंने गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि गो संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही यह लक्ष्य पूरा हो सकता है। आशुतोष जायसवाल ने कहा कि किसी भी सामाजिक अभियान की सफलता जन-जागरूकता पर निर्भर करती है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता विनय त्रिपाठी ने गो संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में गो माता के संरक्षण और सम्मान को लेकर जागरूकता दिखाई दी। संगीता, विमलेश, सपना तिवारी, अर्चित, चंचल, संतोष कुमार, विनोद यादव और परमजीत सहित अन्य विद्यार्थियों ने गो संरक्षण का संकल्प लिया।

