Site icon News Hub Hindi

सुल्तानपुर के गोसाईगंज निवासी सेना जवान का अखनूर में निधन, गांव पहुंचा पार्थिव शरीर

sultanpur-gosaiganj-sena-jawan-akhnur-nidhan

जम्मू के अखनूर सेक्टर में ड्यूटी के दौरान भारतीय सेना में तैनात भूपेंद्र कुमार सिंह (41) का निधन हो गया। सोमवार की रात जब उनका पार्थिव शरीर सुल्तानपुर जिले के गोसाईगंज क्षेत्र स्थित पैतृक गांव बरुई पहुंचा, तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घर पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

भूपेंद्र कुमार सिंह जम्मू के अखनूर सेक्टर स्थित ऑर्डिनेंस डिपो में तैनात थे। परिजनों के अनुसार, शनिवार की रात ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रविवार सुबह करीब 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

शनिवार देर रात भूपेंद्र की पत्नी रूबी सिंह के पास सेना के अधिकारियों का फोन आया, जिसमें उन्हें उनके पति की तबीयत खराब होने और अस्पताल में भर्ती कराए जाने की जानकारी दी गई थी। रविवार सुबह निधन की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

सोमवार रात सेना के सम्मान के साथ जब जवान का पार्थिव शरीर गांव लाया गया, तो परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि भूपेंद्र कुमार सिंह मिलनसार स्वभाव के थे और सेना में अपनी सेवा को लेकर हमेशा गर्व महसूस करते थे। उनके निधन से गांव ने एक बहादुर सपूत खो दिया है।

सेना के अधिकारियों द्वारा आगे की औपचारिकताएं पूरी कराई जा रही हैं। शहीद जवान को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने की तैयारी की जा रही है।

Exit mobile version