उत्तर प्रदेश दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने सुल्तानपुर पहुंचे प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और सरकार के बीच चल रहे विवाद पर खुलकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि संत समाज और सरकार के बीच टकराव ठीक नहीं, इससे किसी का भला नहीं होगा।
मंत्री राजभर ने साफ कहा कि शंकराचार्य गंगा स्नान कर अपने घर जाएं और मंदिर में पूजा-पाठ करें। उन्होंने यह भी कहा कि जनता अब VIP कल्चर खत्म करने की मांग कर रही है, इसलिए किसी को भी विशेष प्रोटोकॉल नहीं दिया जाएगा। प्रदेश में कानून का राज है और कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता।
शनिवार को शहर के पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित यूपी दिवस कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। सांस्कृतिक दलों, स्कूली छात्राओं और संस्कृति विभाग से जुड़े कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को घर की चाबियां, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, और एक लाभार्थी को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह committed है और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता हमारी पहचान है।
माघ मेले को लेकर मंत्री ने कहा कि श्रद्धालु आस्था के साथ स्नान करने आ रहे हैं, ऐसे में किसी तरह की बाधा नहीं डाली जानी चाहिए। शंकराचार्य द्वारा मुख्यमंत्री पर दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि हर किसी का अपना-अपना विचार होता है।

