उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर शनिवार को आयोजित भव्य समारोह में प्रदेश के विकास की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान जहां सरकार की उपलब्धियों और विकास यात्रा को जनता के सामने रखा गया, वहीं उद्योग, समाज सेवा और जनकल्याण योजनाओं में अहम योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।
समारोह में मौजूद सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल हो चुका है और लगातार प्रगति के नए आयाम छू रहा है। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय स्थित वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई प्रेक्षागृह में आयोजित यूपी दिवस कार्यक्रम में 18 विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी, डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह और सीडीओ दीक्षा जैन ने बाल विवाह रोकथाम को लेकर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत कर सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया। आयोजन के जरिए सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सख्त रुख को उजागर किया गया।

