यूपी में लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। 92 गांवों में फसलें जलमग्न हो गई हैं। 26 गांव टापू में तब्दील हो चुके हैं। इन्हें दूसरे गांवों से जोड़ने वाली सड़कें डूब चुकी हैं। प्रभावित इलाकों में नावों और मोटर बोट के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। झांसी में बेतवा नदी पर बना बांध सीजन में पहली बार ओवरफ्लो हो गया है। 140 साल पुराने पारीछा बांध के गेट भी खोल दिए गए हैं। बाराबंकी में सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। संतकबीर नगर के 20 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। 9 सरकारी स्कूलों के परिसरों में पानी घुस चुका है। प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। दारागंज घाट की सीढ़ियां जलमग्न होने के कारण सड़कों पर अंतिम संस्कार कराने की नौबत आ गई है। कानपुर के निचले इलाकों की बस्तियों में पांडू नदी का पानी घुसने से करीब 2 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। वाराणसी के अस्सी घाट पर ‘सुबह-ए-बनारस’ का मंच पानी में डूब चुका है। इधर, रविवार को प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, बहराइच समेत 10 शहरों में मूसलाधार बारिश हुई। शाहजहांपुर में सुबह घना कोहरा देखा गया, जिससे विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर से कम रह गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बारिश के कारण हवा में नमी का स्तर काफी बढ़ गया था और रात में तापमान गिरने से यह नमी छोटी-छोटी बूंदों में बदलकर कोहरे में बदल गईं। आज प्रदेश के 58 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। 6 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इससे पहले, शनिवार को राज्य के 58 जिलों में बारिश हुई। शामली और बरेली में सड़कें तालाब बन गईं। बहराइच और मेरठ के मेडिकल कॉलेजों में भी पानी भर गया। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसूनी सिस्टम के उत्तर की ओर सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी भरी हवाएं आने से यूपी में अगले आज और कल बारिश की गतिविधियों में तेजी बरकरार रहेगी। 25 अगस्त से पश्चिमी हवाएं जोर पकड़ेंगी। इससे पश्चिमी और मध्य यूपी में भारी बारिश की संभावना खत्म हो जाएगी। पूर्वी यूपी में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। आज किन जिलों में बारिश होगी, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
