लखनऊ में ABVP का CJP के खिलाफ प्रदर्शन:बोले- नेहा बोरा धूल है, विद्यार्थी परिषद आंधी; बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता

लखनऊ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन किया। रविवार को दोपहर डेढ़ बजे लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट नंबर-3 पर ABVP के करीब 200 कार्यकर्ता-पदाधिकारी इकट्ठा हुए। भगवा झंडे और पटकों के साथ इकट्ठा हुए कार्यकर्ताओं के हाथ में पोस्टर थे। कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में किए गए कॉकरोच जनता पार्टी और AISA समेत विभिन्न संगठनों के प्रदर्शनों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा की मांग को गैरकानूनी बताया। कार्यकर्ता लखनऊ विश्वविद्यालय से हजरतगंज चौराहे तक मार्च निकाल रहे थे। पुलिस ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोकने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर हंगामा करने लगे। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों के पोस्टरों पर लिखा था- ‘लोकतांत्रिक संस्थानों पर हमला नहीं सहेंगे’ ‘कॉकरोच पार्टी मुर्दाबाद’। नारे लगा रहे थे ‘तुम वामपंथ से तोड़ोगे, हम राष्ट्रवाद से जोड़ेंगे’। छात्रों ने कहा- नेहा बोरा, अभिजीत दीपके और ध्रुव राठी देश के खिलाफ हैं। नेहा धूल है, ABVP आंधी है। प्रदर्शन की तस्वीरें देखिए- ‘ABVP के सामने नेहा बोरा धूल है’ अर्पण कुशवाहा ने कहा कि जो राष्ट्रविरोधी ताकतें दिल्ली में जमा हुईं, आज हम उन ताकतों के खिलाफ एकत्रित हुए हैं। राष्ट्रवाद के खिलाफ नारा लगाने वाले, रिज्यूम चेंज करने की बात करने वाले और बांग्लादेश का उदाहरण देने वाले संगठनों को जवाब देने आए हैं। दिल्ली में जितने संगठन और लोग जमा हुए वह सीधे तौर पर राष्ट्र के खिलाफ खड़े थे। हमारे देश की जिम्मेदार और लोकतांत्रिक संस्थानों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आज हम लोग अराजक तत्वों के खिलाफ उठ खड़े हुए हैं। ABVP के सामने नेहा बोरा धूल हैं। विद्यार्थी परिषद एक आंधी है। यह सब मौसमी मेंढक हैं। हमारे सामने नहीं टिक पाएंगे। ‘ध्रुव राठी विदेश में भारत को कर रहा है बदनाम’ बुंदेलखंड से आए सूर्य प्रताप सेंगर ने कहा- आज हरेक राष्ट्रवादी छात्र आक्रोशित है। AISA ने जिस तरह छात्र संगठन के नाम पर युवाओं और छात्रों को गुमराह किया है, यह बेहद शर्मनाक है। हम लोग सभी देशविरोधी ताकतों के खिलाफ खड़े हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हमने देखा कि अभिजीत दीपके, ध्रुव राठी और नेहा बोरा राष्ट्र के खिलाफ खड़े थे। ध्रुव राठी ने पहले दिल्ली में माहौल खराब करने की कोशिश की। उसके बाद विदेश में जाकर हमारी सरकार और राष्ट्र को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है। ऐसे लोगों को हम बेनकाब कर रहे हैं।

Content writer specializing in creating engaging and meaningful web content. I love turning ideas into words that connect with readers.

Leave a Comment