कानपुर में शनिवार को घर में झूला झूलते समय 8वीं की छात्रा की गर्दन धोती में फंस गई। दम घुटने से उसकी मौत हो गई। घटना के समय मां सामने बैठकर चाय पी रही थीं। उन्हें लगा कि बेटी और छोटा बेटा झूला झूल रहे हैं। कुछ देर बाद मां बेटी को बुलाने पहुंचीं तो आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। हाथ पकड़कर खींचा तो वह नीचे गिर पड़ी। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि छात्रा को कराटे का शौक था और पिछले महीने स्कूल से मेडल मिला था। दिसंबर में उसे कराटे ट्रेनिंग के लिए जाना था। रविवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया। घटना नौबस्ता थाना क्षेत्र में शनिवार शाम 5 बजे हुई। मां के सामने झूला झूल रही थी बेटी नौबस्ता थाना क्षेत्र के राजीव बिहार के रहने वाले जितेंद्र त्रिपाठी नयागंज की एक कपड़े की दुकान में काम करते हैं। परिवार में पत्नी निहारिका, बेटी आरुषि और 3 साल का बेटा आरव है। जितेंद्र शनिवार सुबह रोज की तरह काम पर चले गए थे। पिता जितेंद्र ने बताया कि दोपहर में स्कूल से लौटने के बाद आरुषि ने करीब 4 बजे मां के लिए चाय बनाई। मां चाय पीने लगीं। इसी दौरान आरुषि और उसका छोटा भाई घर में लगे कुंडे में साड़ी फंसाकर झूला झूलने लगे। बताया गया कि झूले पर गोल-गोल घूमते समय आरुषि की गर्दन धोती में फंस गई। कुछ देर बाद मां उसे बुलाने पहुंचीं, लेकिन जवाब नहीं मिला। उन्होंने बेटी का हाथ पकड़कर खींचा तो वह नीचे गिर पड़ी। शरीर में हलचल नहीं दिखी तो मां चीखने लगीं। आवाज सुनकर परिवार के दूसरे सदस्य पहुंचे। पड़ोसियों की मदद से आरुषि को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। कराटे में मिला था मेडल, दिसंबर में जाना था ट्रेनिंग पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता जितेंद्र बेटी को याद कर फफक पड़े। उन्होंने बताया कि आरुषि पढ़ाई में होशियार थी और उसे कराटे का भी शौक था। पिछले महीने स्कूल की ओर से कराटे में उसे मेडल मिला था। दिसंबर में उसकी ट्रेनिंग थी। जितेंद्र ने बताया कि नवरात्र में वह और उनकी पत्नी व्रत रख रहे थे। ऐसे में आरुषि घर के लोगों के लिए नाश्ता बनाती थी। शनिवार को भी उसने माता-पिता के लिए चाय-नाश्ता तैयार किया था। वह घर के कामों में मां का हाथ बंटाती थी। पिता ने बताया कि शनिवार सुबह स्कूल जाते समय आरुषि ने उनसे कहा था- पापा, लव यू। उसने पिता को किस किया और शाम को अपने और छोटे भाई के लिए चीज लाने को कहा। जब पिता ने पूछा कि क्या लाना है, तो बेटी ने कहा कि जो अच्छा लगे, वही ले आइए। जितेंद्र ने बताया कि वह शाम को बेटी को फोन करके पूछने वाले थे कि उसके लिए क्या लेकर आएं, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की खबर मिल गई। बेटी की आखिरी बातें याद कर वह बार-बार रो पड़ते हैं। पुलिस बोली- शिकायत मिली तो आगे की कार्रवाई होगी नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने झूला झूलते समय हादसा होने की जानकारी दी है। परिवार की ओर से फिलहाल किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि कोई शिकायत या आरोप सामने आता है तो जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ————————— ये खबर भी पढ़ें… परिवार के 5 लोगों की मौत, 2 बहन-ननदोई गिरफ्तार:मोबाइल में मिले ऑडियो से खुला राज, ग्रेटर नोएडा में 5 अर्थियां एक साथ उठीं ग्रेटर नोएडा में पति-पत्नी और 3 बच्चों की मौत के मामले में दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को पति महेश के मोबाइल फोन की जांच करने पर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है। इसमें महेश इस पूरी घटना का जिम्मेदार अपनी बड़ी बहन सुनीता, बहनोई शेखर और छोटी बहन सपना को बताया है। पढ़ें पूरी खबर…




