Jaunpur News: 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यापारियों को पेंशन दे सरकार, ओमप्रकाश राजभर को सौंपा ज्ञापन

जौनपुर।
नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल के नेतृत्व में शुक्रवार को व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर से शिष्टाचार मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके व्यापारियों को पेंशन देने की मांग उठाई।

व्यापारियों ने कहा कि अपने जीवनकाल में वे समय से आयकर जमा करते हैं और देश के विकास में अहम योगदान देते हैं। इसलिए 60 वर्ष की आयु के बाद जीवन-यापन के लिए सरकार को व्यापारियों को पेंशन की सुविधा देनी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग रखी कि व्यापारी द्वारा जीवन भर जमा किए गए आयकर का कुछ प्रतिशत राशि पेंशन के रूप में उसी व्यापारी को मिलनी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से इन मांगों को न्यायसंगत बताते हुए गंभीरता से विचार कर शीघ्र लागू करने की अपील की।

इस पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि व्यापार मंडल की दोनों मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं। उन्होंने कहा कि देश के विकास में व्यापारियों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है और उन्हें उनका हक जरूर मिलना चाहिए। मंत्री ने इस विषय को सदन में उठाने और मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाकर उचित निर्णय के लिए आग्रह करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी रमेश बरनवाल ने मंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
प्रतिनिधिमंडल में नगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष साहू, नगर महामंत्री मुन्नालाल अग्रहरि, शैलेंद्र सिंह गुड्डू, सरदार रंजीत सिंह, जितेंद्र जायसवाल गुड्डू, सरदार मनमोहन सिंह, विशाल बरनवाल, राजेश जायसवाल, रसाल बरनवाल, सौरभ बरनवाल, राजेंद्र स्वर्णकार, शुभम बरनवाल और चंद्रप्रकाश जायसवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संतोष साहू ने आभार व्यक्त किया।

यह लेखक News Hub Hindi से जुड़ा हुआ है और स्थानीय व राज्य स्तरीय समाचारों पर नियमित रूप से लेखन करता है। प्रशासनिक गतिविधियाँ, जनहित से जुड़े मुद्दे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और सामाजिक घटनाएँ इसके प्रमुख विषय हैं।लेखक का फोकस तथ्य आधारित रिपोर्टिंग और समय पर सही जानकारी पाठकों तक पहुँचाने पर रहता है। खबरों के चयन और प्रस्तुति में विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक सूचनाओं और जमीनी तथ्यों को प्राथमिकता दी जाती है।

Leave a Comment