कानपुर में 16 मिनट-16 रुपए के ऑफर पर हंगामा-भगदड़:कपड़ा कारोबारी दुकान बंद कर भागा, पुलिस ने लाठी मारकर भगाया

कानपुर में कपड़ा कारोबारी के अजब-गजब ऑफर के चलते हंगामा हो गया। कारोबारी ने अपने बर्थडे पर 16 मिनट में कोई भी कपड़ा 16 रुपए में देने का ऐलान कर दिया। ऑफर के बाद दुकान पर करीब ढाई हजार लोगों की भीड़ लग गई। भीड़ देख दुकानदार अपनी दुकान बंद कर भाग गया। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पुलिस ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ा, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पूरा मामला शनिवार रात करीब 12 बजे आलम मार्केट का है। पुलिस ने मोहम्मद आलम, रईस आलम और सलमान आलम के खिलाफ अनवरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। 2 तस्वीरें देखिए… इन्फ्लूएंसर से वीडियो बनवाए, 16 रुपए में कपड़े देने का वादा किया आलम मार्केट में रईस आलम का आलम मार्ट के नाम से कपड़ों का शोरूम है। उनका आज यानी 16 अगस्त को जन्मदिन है। उन्होंने जन्मदिन पर इन्फ्लूएंसर से वीडियो बनवाए। इसके बाद फेसबुक, इंस्टाग्राम पर अपलोड करा दिया। इसमें एंकर कह रही है कि कानपुर वालों 15 अगस्त की रात से 16 मिनट में 16 रुपए में मेंस वियर मिलेगा। आइए जानते हैं रईस आलम से ऑफर के बारे में…। कपड़ा व्यापारी रईस आलम ने कहा- ये ऑलम भाई का बर्थडे है। हमारे मिलियंस में लवर्स हैं और उनकी चाहत है। वो हमारी तरफ से प्यार होगा। हम इसे जरूर पूरा करेंगे। जैसे सलमान भाई का कमिटमेंट हैं कि ‘एक बार बोल दिया तो अपनी भी नहीं सुनते।’ ऐसे ही आलम भाई ने भी बोल दिया तो इंशाअल्लाह सबकी सुनी जाएगी। कहा था- ऑफर होगा कि पूरे शहर में बवाल मचेगा दूसरे वीडियो में रईस आलम ने कहा- इस बार का जो ऑफर होगा, पूरा बवाल मचा देगा। 16 की तारीख में भर लो झोला। 15 अगस्त की रात में 11 बजकर 59 मिनट पर ऑफर लागू होगा। जो सवा 12 बजे बंद हो जाएगा। इसमें जींस, शूज, टीशर्ट, चश्मा सब कुछ होगा। हम तो 16 रुपए ले रहे हैं, लेकिन ये भाई की ओर से रिटर्न गिफ्ट होगा। सोशल मीडिया पर ऑफर देखकर लोग दुकान के बाहर जुटने लगे। करीब साढ़े 11 बजे के करीब 2500 से अधिक लोग जुट गए। 16 रुपए की सेल सुनते ही उमड़ी भीड़ दुकान पर भीड़ देखते ही दुकानदार रईस आलम ने शोरूम का शटर गिरा दिया। यह देख भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। आसपास जाम की स्थिति बन गई। ट्रैफिक व्यवस्था गड़बड़ाने लगी। सूचना पर एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह समेत थाने का फोर्स मौके पर पहुंचे और लोगों को हटाने का प्रयास किया। पुलिस ने देर रात माइक से एनाउंस किया कि आप लोग अपने-अपने घर जाइए। फालतू की भीड़ मत लगाइए। अगर नहीं हटेंगे तो कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कई बार बताने के बाद भी आप लोग नहीं हट रहे हैं। इसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिससे भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े। मौके पर कई लोगों की चप्पलें भी छूट गईं। ACP अनवरगंज मंजय सिंह ने बताया- आलम मार्केट में आलम मार्ट के दुकानदार रईस आलम द्वारा 16 मिनट में 16 रूपये में कोई भी कपड़ा लेने का सोशल मीडिया पर ऑफर दिया गया था, जिससे दुकान के बाहर भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ——————————
ये खबर भी पढ़ें… वाराणसी एयरपोर्ट पर गोली चली, 2 कर्मचारी घायल; यात्री पिस्टल जमा कराने पहुंचा था, तभी फायर हुआ; मुंबई जा रहा था वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान एक यात्री से गोली चल गई। इससे महिला समेत दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। एयरपोर्ट निदेशक के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। यात्री पत्नी के साथ IX-1810 फ्लाइट से मुंबई जा रहा था। पढ़िए पूरी खबर

Content writer specializing in creating engaging and meaningful web content. I love turning ideas into words that connect with readers.

Leave a Comment