कानपुर में आयोजित हो रही टेबल टेनिस की नेशनल रैंकिंग चैंपियनशिप सही मायने में ‘विकसित भारत’ की झलक दिखाती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर को ‘द स्पोर्ट्स हब’ (TSH) जैसा जो विश्वस्तरीय और अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर दिया है, यह उसी की देन है कि आज हमारे शहर में देश के सबसे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी संभव हो पाई है। यह बात उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कानपुर के आर्या नगर स्थित ‘द स्पोर्ट्स हब’ में आज से शुरू हो रही ‘UTT प्रथम नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026’ के आगाज पर कही। इंफ्रास्ट्रक्चर सुधरा, अब नेशनल-इंटरनेशनल मेडल पर नजर राज्यमंत्री असीम अरुण ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि, आज उत्तर प्रदेश में खेलों का पूरा परिदृश्य बदल चुका है। यहाँ इंफ्रास्ट्रक्चर, टूर्नामेंट कराने का तरीका, कोचेस की क्वालिटी और हमारे खिलाड़ियों की प्रतिभा हर स्तर पर बहुत तेजी से सुधार आया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कानपुर में आयोजित इस 8 दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के कोने-कोने से आए खिलाड़ियों के बीच जो कड़ा मुकाबला होगा, उससे निकली नेशनल रैंकिंग हमारे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगी। इससे भविष्य में देश के लिए नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर मेडल जीतने के नए रास्ते खुलेंगे। 23 अगस्त तक मचेगी धूम, जुटेंगे देश भर के टॉप पैडलर्स उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन (UPTTA) और टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के मार्गदर्शन में आयोजित यह चैंपियनशिप इस सीजन का भारत का सबसे बड़ा टेबल टेनिस टूर्नामेंट माना जा रहा है। 16 अगस्त से 23 अगस्त तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में देशभर के शीर्ष और नेशनल रैंकिंग वाले खिलाड़ी अपना दम-खम दिखाएंगे। आयोजन समिति के चेयरमैन संजीव पाठक ने बताया कि ‘द स्पोर्ट्स हब’ का अंतरराष्ट्रीय स्तर का एरीना पूरी तरह तैयार है। प्रतियोगिता में भाग ले रहे देश के बड़े खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए कानपुर के खेल प्रेमियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। दिग्गजों की मौजूदगी में होगा भव्य शंखनाद रविवार को प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान सांसद रमेश अवस्थी, राज्यमंत्री असीम अरुण और एमएलसी अरुण पाठक मौजूद रहे।




