अटल बिहारी और पूर्व विधायक श्रीबाबू की पुण्यतिथि मनाई:कृषि मंत्री बोले- राष्ट्रसेवा और जनहित के लिए समर्पित रहा अटल जी का जीवन

देवरिया में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और गौरी बाजार के पूर्व विधायक स्वर्गीय श्रीबाबू की पुण्यतिथि मनाई गई। बैतालपुर नगर पंचायत क्षेत्र स्थित कृषि भवन में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही दोनों नेताओं के जीवन, विचारों और जनसेवा को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम रविवार दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चला। अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उनके विचार आज भी देश के निर्माण के लिए प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी ने विकास को नई दिशा देने के साथ गरीब, किसान और गांवों के हितों को प्राथमिकता दी। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। श्रीबाबू के योगदान को किया याद कृषि मंत्री ने पूर्व विधायक श्रीबाबू को याद करते हुए कहा कि उनकी पहचान क्षेत्र में तेज-तर्रार, प्रखर राष्ट्रवादी और जनसमर्पित नेता के रूप में थी। वर्ष 1996 में भाजपा ने उन्हें गौरी बाजार विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया था। उन्होंने पूर्वांचल में पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विधायक रहते हुए उन्होंने गौरी बाजार और बैतालपुर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क, बिजली और कृषि सुविधाओं के विकास के लिए काम किया। अटल जी को बताया सुलभ और ईमानदार नेता सदर सांसद शशांक मणि ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने विचारों और सिद्धांतों से भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। क्षेत्र के लोग आज भी उन्हें सुलभ, ईमानदार और जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले नेता के रूप में याद करते हैं। श्रीबाबू के संस्मरण साझा किए सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि श्रीबाबू ने 1996 में गौरी बाजार से भाजपा का झंडा बुलंद किया था। वह ईमानदार और निर्भीक नेता थे। पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार दुबे और अंतर्यामी सिंह ने भी श्रीबाबू से जुड़े संस्मरण साझा किए। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक टीपी शुक्ला ने की, जबकि संचालन भाजपा नेता गिरिजेश मणि त्रिपाठी ने किया। इस दौरान रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, पूर्व राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद, पूर्व विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, विशंभर मिश्रा, नीरज शाही समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Content writer specializing in creating engaging and meaningful web content. I love turning ideas into words that connect with readers.

Leave a Comment