अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

मुंबई: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित प्रसिद्ध बंगले ‘जलसा’ को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस धमकी भरे ई-मेल के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है और पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। खास बात यह है कि पिछले 15 दिनों के भीतर अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने वाला यह दूसरा धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसने पुलिस की नींद उड़ा दी है।

किन-किन जगहों को बनाया गया है निशाना?

सामने आई जानकारी के मुताबिक, अमिताभ बच्चन के बंगले के अलावा इस धमकी भरे ईमेल में कई अन्य महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित सार्वजनिक स्थलों को भी बम से उड़ाने की बात कही गई है। इनमें प्रमुख रूप से:

  • बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE)
  • बॉम्बे हाईकोर्ट
  • वर्ली रेसकोर्स

इन सभी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले ठिकानों का नाम एक साथ आने के बाद मुंबई पुलिस और आतंकवाद विरोधी दस्ते (ATS) समेत तमाम सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीर हो गई हैं। सभी संबंधित परिसरों की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है।

15 दिन के भीतर दूसरी बार मिली धमकी

यह मामला इसलिए भी बेहद गंभीर माना जा रहा है क्योंकि इससे ठीक पहले 23 अक्टूबर को भी ऐसा ही एक धमकी भरा ई-मेल सामने आया था। उस दौरान मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को एक ई-मेल भेजा गया था, जिसमें स्पष्ट रूप से अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। लगातार मिल रही इन धमकियों के बाद पुलिस अबला साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन ई-मेल के पीछे आखिर किसका हाथ है और इन्हें कहां से भेजा जा रहा है।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई

धकी भरा ईमेल मिलने के तुरंत बाद मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी हरकत में आ गए। ‘जलसा’ बंगले के आसपास के इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके अलावा, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, बॉम्बे हाईकोर्ट और वर्ली रेसकोर्स जैसे अति-संवेदनशील इलाकों में भी सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) द्वारा इन जगहों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

साइबर सेल खंगाल रही है ई-मेल का सोर्स

मुंबई पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच इस पूरे मामले की तकनीकी जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जिन ई-मेल के जरिए ये धमकियां दी गई हैं, उनका आईपी एड्रेस (IP Address) क्या है और उन्हें किस सर्वर या लोकेशन से भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है और खबर पर लगातार अपडेट्स लिए जा रहे हैं।

Leave a Comment