गोरखपुर में 10 करोड़ से अधिक की ठगी, गरिमा सिंह और पिता पर 7वीं FIR दर्ज
गोरखपुर में डॉक्टरों, शिक्षकों और अधिकारियों से 10 करोड़ रुपये से अधिक की कथित ठगी करने वाली गरिमा सिंह और उसके पिता ध्रुव नारायण सिंह की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। दोनों के खिलाफ अब तक दर्ज मामलों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। ताजा FIR तिवारीपुर थाने में दर्ज की गई है।
जेल में 4 महीने की बच्ची के साथ बंद है गरिमा सिंह
एम्स थाना पुलिस ने 3 अगस्त को 1.47 करोड़ रुपये की ठगी के आरोप में गरिमा सिंह और उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। गरिमा सिंह अपनी 4 महीने की बच्ची के साथ महिला बैरक में बंद है, जबकि उसके पिता मुलहिया बैरक में निरुद्ध हैं।
जेल सूत्रों के अनुसार, गरिमा सिंह अपनी बच्ची को फिल्म आराधना की प्रसिद्ध लोरी “चंदा है तू मेरा सूरज है तू” सुनाती है और उसे दिलासा देती है कि जल्द ही जमानत मिल जाएगी।
डॉक्टर की आत्महत्या के बाद तेज हुई जांच
13 अगस्त को ठगी के कथित शिकार डॉ. परमात्मा सिंह ने अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गरिमा सिंह और उसके पिता के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पति फरार, दो बच्चों की मां है आरोपी
गरिमा सिंह दो बच्चों की मां है। उसका पति कुशीनगर में शिक्षक बताया जा रहा है और मामले में नाम सामने आने के बाद से फरार है। गिरफ्तारी के बाद उसके 12 वर्षीय बेटे को रिश्तेदारों के पास भेजा गया, जबकि 4 महीने की बच्ची मां के साथ जेल में रह रही है।
जेल प्रशासन की ओर से मां और बच्ची को विशेष पोषण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें दूध, फल और पौष्टिक भोजन शामिल हैं।
83.87 लाख रुपये की ठगी का नया मामला दर्ज
सूर्यविहार कॉलोनी निवासी और फेसम इंटर कॉलेज में कार्यरत शिक्षक सुग्रीव सिंह ने 16 अगस्त को तिवारीपुर थाने में FIR दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि गरिमा सिंह और उसके पिता ने उनसे 83.87 लाख रुपये की ठगी की।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने निवेश और फंड में अधिक लाभ का लालच देकर विभिन्न बैंकों से उनके नाम पर लोन करवाए। अब येस बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बंधन बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और एसएमएफजी इंडिया क्रेडिट कंपनी की ओर से हर महीने लगभग 1.90 लाख रुपये की EMI जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है।
पुलिस की नजर में करोड़ों की ठगी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, एम्स, गोरखनाथ, सहजनवा और अन्य थानों में पहले से दर्ज मामलों को मिलाकर गरिमा सिंह और उसके पिता पर कई गंभीर आरोप हैं। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं और संभावित पीड़ितों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें
गोरखपुर की दो महिला ठग, जिन्होंने पुलिस अफसरों को फंसाया: एक महिला ने कथित तौर पर सुंदरता और मीठी बातों के जरिए लोगों को जाल में फंसाया, जबकि दूसरी पर करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप लगे। दोनों मामलों ने गोरखपुर में सनसनी फैला दी है।
डॉक्टर सुसाइड केस: फाइनेंस वालों ने बच्चे से साइन कराए:डिप्रेशन में रातभर
