Site icon News Hub Hindi

हापुड़ में हथौड़े से पीट-पीटकर युवक को मार डाला, VIDEO:कार सवारों ने बीच सड़क घेरकर हत्या की, मुकदमे को लेकर रंजिश थी

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिनदहाड़े एक युवक की हथौड़े, सरिया और डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक अपने पिता के साथ बाइक से हापुड़ कचहरी जा रहा था, तभी कार सवार हमलावरों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि फरार पांच आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

हापुड़ में दिनदहाड़े युवक की हत्या

यह घटना देहात थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुई। मृतक की पहचान गौरव त्यागी (33) के रूप में हुई है, जो बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर आजमपुर गांव का निवासी था। गौरव अपने पिता फतेह सिंह त्यागी के साथ एक पुराने मुकदमे की पैरवी के लिए हापुड़ कचहरी जा रहा था।

रास्ते में दिनेश विद्यापीठ-धनौरा मार्ग के पास एक सफेद वैगनआर कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद कार से उतरे हमलावरों ने दोनों को घेर लिया।

पिता खेत में भागे, बेटे को घेरकर पीटा

मृतक के पिता फतेह सिंह के मुताबिक, हमलावरों के हाथों में हथौड़ा, सरिया और डंडे थे। जान बचाने के लिए वह किसी तरह पास के खेत में भाग गए, लेकिन आरोपी उनके बेटे गौरव को पकड़ने में सफल रहे।

आरोपियों ने गौरव को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गौरव हमलावरों से हाथ जोड़कर जान की भीख मांगता रहा, लेकिन आरोपी लगातार उस पर हमला करते रहे।

राहगीरों को भी दी जान से मारने की धमकी

घटना के दौरान वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने गौरव को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल गौरव को अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान दोपहर करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई।

मारपीट का वीडियो आया सामने

घटना का एक 10 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सफेद रंग की वैगनआर कार सड़क किनारे खड़ी दिखाई दे रही है, जबकि कुछ लोग एक युवक को जमीन पर गिराकर हथौड़े से हमला करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में युवक दर्द से कराहता और मदद की गुहार लगाता दिखाई देता है। वहीं, राहगीरों को धमकाते हुए आरोपी भी नजर आ रहे हैं।

पुराने मुकदमे की रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गौरव के पिता एक पुराने मुकदमे की पैरवी कर रहे थे। इसी मामले को लेकर आरोपी पक्ष के साथ उनका विवाद चल रहा था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

2 आरोपी हिरासत में, 5 फरार आरोपियों पर इनाम

एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। वहीं फरार पांच आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस टीम लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश कर रही है।

मृतक परिवार का इकलौता बेटा था

गौरव त्यागी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी पत्नी रेशु, बेटा आरव (11) और बेटी गोरा (7) हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

हापुड़ युवक हत्याकांड: मुख्य बातें

यह खबर भी पढ़ें

भिंड सड़क हादसा: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर तेज रफ्तार पिकअप ट्रक से टकरा गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हुए हैं। सभी मजदूर ग्वालियर से उत्तर प्रदेश लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क पर अचानक आई गायों को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ।

झूठी छिनैती की सूचना देकर पुलिस को किया गुमराह:बकाया पैसे मांगने पर दी….

Exit mobile version