जौनपुर में दो युवकों पर जानलेवा हमला, एक को गोली, दूसरा लाठी से घायल

जौनपुर के मल्हनी क्षेत्र अंतर्गत सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खानपुर-अकबरपुर गांव में रविवार शाम दो युवकों पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में एक युवक के दाहिने पैर में गोली मार दी गई, जबकि दूसरे युवक को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया।

गांव निवासी महाजन के अनुसार, रविवार को उनके घर बेटी के विवाह का आयोजन था। शाम करीब 5:30 बजे परिवार के कुछ लोग शादी में इस्तेमाल होने वाले लावा का सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान पुराने जमीन विवाद को लेकर गांव के कुछ युवकों ने हमला कर दिया।

आरोप है कि मन्नालाल के पुत्र दीपक (18) पर फायरिंग की गई, जिससे उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं छन्नालाल के पुत्र पंकज (18) को हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दूसरे पक्ष की ओर से भी आरोप लगाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि विवाद के पीछे छेड़खानी का मामला है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्षेत्राधिकारी देवेश कुमार सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है और मामले की जांच की जा रही है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

यह लेखक News Hub Hindi से जुड़ा हुआ है और स्थानीय व राज्य स्तरीय समाचारों पर नियमित रूप से लेखन करता है। प्रशासनिक गतिविधियाँ, जनहित से जुड़े मुद्दे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और सामाजिक घटनाएँ इसके प्रमुख विषय हैं।लेखक का फोकस तथ्य आधारित रिपोर्टिंग और समय पर सही जानकारी पाठकों तक पहुँचाने पर रहता है। खबरों के चयन और प्रस्तुति में विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक सूचनाओं और जमीनी तथ्यों को प्राथमिकता दी जाती है।

Leave a Comment