सुल्तानपुर में दो बाइकों की टक्कर, किसान की मौत, तीन घायल

सुल्तानपुर के करौंदीकला क्षेत्र स्थित दशगरपारा में रविवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

दशगरपारा निवासी किसान जितेंद्र सिंह (55) अपने साथी आदित्य सिंह के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में जितेंद्र सिंह, आदित्य सिंह तथा दूसरी बाइक पर सवार रत्नेश गौतम और अनुराग (निवासी बड़सरा, खुटहन, जौनपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।

स्थानीय लोगों की मदद से जितेंद्र सिंह और आदित्य सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन ले जाया गया, जहां से उन्हें जौनपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान जितेंद्र सिंह की मौत हो गई। आदित्य सिंह का इलाज जारी है। वहीं रत्नेश गौतम और अनुराग को शाहगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सोमवार सुबह मृतक जितेंद्र सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। करौंदीकला थाना प्रभारी ज्ञानेश दुबे ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

किसान जितेंद्र सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं।

यह लेखक News Hub Hindi से जुड़ा हुआ है और स्थानीय व राज्य स्तरीय समाचारों पर नियमित रूप से लेखन करता है। प्रशासनिक गतिविधियाँ, जनहित से जुड़े मुद्दे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और सामाजिक घटनाएँ इसके प्रमुख विषय हैं।लेखक का फोकस तथ्य आधारित रिपोर्टिंग और समय पर सही जानकारी पाठकों तक पहुँचाने पर रहता है। खबरों के चयन और प्रस्तुति में विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक सूचनाओं और जमीनी तथ्यों को प्राथमिकता दी जाती है।

Leave a Comment